‘बेटा अफसर बने’… इंटरव्यू से पहले पिता ने खुद संवारे बाल, पैर छूते ही भर आईं आंखें- Video


प्रयागराज में दिखा पिता का अनोखा प्यार.
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के बाहर इन दिनों UPPCS अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आ रही है. हर अभ्यर्थी के चेहरे पर अफसर बनने का सपना और इंटरव्यू में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. इसी बीच प्रयागराज में आयोग के गेट के बाहर पिता और बेटे के रिश्ते की एक बेहद भावुक तस्वीर कैमरे में कैद हुई है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इंटरव्यू से पहले पिता ने बेटे को संवारा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पिता अपने बेटे को इंटरव्यू के लिए भेजने से पहले उसकी तैयारियों का ध्यान रख रहे हैं. पिता सबसे पहले बेटे का कोट ठीक करते हैं. इसके बाद जेब से कंघी निकालते हैं और बड़े प्यार से बेटे के बाल संवारते हैं. इसके बाद पिता अपनी जेब से एक छोटी सी पुड़िया निकालकर बेटे को खिलाते हैं. पिता का यह अंदाज बेहद सहज और आत्मीय नजर आता है. कुछ ही पलों में पिता अपने बेटे को इंटरव्यू के लिए पूरी तरह तैयार कर देते हैं.
ये भी पढ़ें- कहां छिपे हैं गुड्डू मुस्लिम और साबिर? अरमान बिहारी खोलेगा राज, 3 साल से तलाश रही UP पुलिस
पैर छूकर बेटे ने लिया पिता का आशीर्वाद
पिता से तैयार होने के बाद बेटा उनके पैर छूता है और आशीर्वाद लेता है. इसके बाद वह इंटरव्यू देने के लिए लोक सेवा आयोग के अंदर चला जाता है. पिता और बेटे के बीच का यह छोटा सा पल वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ वीडियो देखने वालों को भी भावुक कर रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग के गेट का है, जहां इन दिनों UPPCS के इंटरव्यू चल रहे हैं. हालांकि वीडियो में दिखाई दे रहे पिता और बेटे की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर खूब हो रही तारीफ
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स पिता के इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोग इसे बेटे की सफलता के पीछे पिता की मेहनत, दुआ और भावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि जिसकी तैयारी खुद पिता कर रहे हों, उसकी जीत कैसे नहीं होगी.
यह वीडियो एक पिता के उस प्यार को दिखाता है, जो बेटे के बड़े सपने के पीछे खड़ा रहता है. इंटरव्यू देने के लिए बेटा आयोग के अंदर गया, लेकिन उससे पहले पिता ने जिस तरह उसका कोट ठीक किया, बाल संवारे और आशीर्वाद दिया, वह पल शायद बेटे के लिए जिंदगी भर यादगार रहेगा.





