उत्तर प्रदेशभारत

दिन में फार्मा मैनेजर, रात में DRI अफसर… चंबल एक्सप्रेस में 2KG सोना लूटने का आरोपी गिरफ्तार

UP: दिन में फार्मा मैनेजर, रात में DRI अफसर… चंबल एक्सप्रेस में 2KG सोना लूटने का आरोपी गिरफ्तार

आरोपी गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. चंबल एक्सप्रेस में कारोबारी से दो किलो सोना लूटने के मामले में पुलिस ने बरेली के एक फार्मा कंपनी के एरिया मैनेजर को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर खुद को DRI यानी राजस्व आसूचना निदेशालय का अधिकारी बताया और इसी फर्जी पहचान के सहारे कारोबारी से सोना लूट लिया. पुलिस ने आरोपी राहुल मौर्य के कब्जे से लूट का 880 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, कारोबारी संजीव खंडेलवाल चंबल एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे. इसी दौरान राहुल मौर्य और उसके चार साथी कथित तौर पर DRI अधिकारी बनकर ट्रेन में पहुंचे. आरोप है कि पांचों ने अधिकारी होने का रौब दिखाते हुए कारोबारी से करीब दो किलो सोना अपने कब्जे में ले लिया और फिर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित ने बिहार के भभुआ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

करोड़ों की संपत्ति बनाने का आरोप

मामले की जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के तार बरेली से जुड़े मिले. इसके बाद पुलिस ने बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के रहने वाले राहुल मौर्य को गिरफ्तार कर लिया. मामले का खुलासा एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने किया. पुलिस ने आरोपी के पास से 880 ग्राम सोना बरामद किया है. बाकी सोने और लूट की रकम के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

जांच में राहुल मौर्य की संपत्तियों को लेकर भी चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. आरोप है कि उसने लूट और अवैध कमाई से बरेली में कई मकान बनवाए हैं. पुलिस अब उसकी संपत्तियों का पूरा ब्योरा जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कथित लूट की रकम कहां-कहां निवेश की गई.

चार साथी अब भी फरार

इस वारदात में राहुल के अलावा चार अन्य आरोपी भी शामिल बताए जा रहे हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और लूटे गए बाकी सोने को कहां छिपाया गया है. एक फार्मा कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करने वाले राहुल की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे गिरोह के नेटवर्क और उसकी संपत्तियों की जांच तेज कर दी गई है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button