दिल्ली-NCR में कोहरा… UP-बिहार से लेकर झारखंड तक बारिश का अलर्ट, जानें हिमाचल समेत 20 राज्यों का हाल


आज का मौसम
Aaj Ka Mausam: नवंबर महीने का अंतिम हफ्ता चल रहा है. इसके साथ ही उत्तर भारत में ठंड ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है. पहाड़ी राज्यों में तापमान माइनस में जाना शुरू हो गया है. माइनस तापमान, बर्फबारी और बारिश पहाड़ी इलाकों में ठंड लगातार बढ़ा रही है दूसरी ओर, देश के अन्य हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत मे बारिश देखने को मिल रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने आज के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है.
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज कोहरा देखने को मिल सकता है. आज अधिकतम 27 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. कल से 27 नवंबर तक दिल्ली में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. फिलहाल मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं जताई है.
यूपी-बिहार में होगी बारिश
आज पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है. प्रयागराज, संत रविदास नगर, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया में हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने आज पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है. बिहार मेंबंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान के कारण बारिश हो रही है. आज जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है. राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है.
झारखंड से एमपी तक कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड के कई जिलों में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है. पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में आज बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. पंजाब में सुबह के वक्त कई इलाकों में धुंध और कोहरे की स्थिति बन सकती है. राजस्थान में आज मौसम शुष्क रह सकता है. बारिश, आंधी या ओलावृष्टि को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है. मध्य प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने का अनुमान है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बरसेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है. असम और मेघालय में भी तेज बारिश हो सकती है. तमिलनाडु के तटीय और दक्षिणी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना है. पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश हो सकती है.
पहाड़ी राज्यों के मौसम का हाल
उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर में भी बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली के रघुबीर नगर में मकान में लगी भीषण आग, एक बुजुर्ग महिला की मौत, बेटा और बहू झुलसे





