‘नाकेबंदी के खिलाफ एक्शन, नहीं झुकेगा ईरान’ ट्रंप को ईरान का अल्टीमेटम

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा तनाव फिलहाल खत्म होता नजर नहीं आ रहा है. तेहरान ने एक बार फिर से अमेरिका को चेतावनी दी है. ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने शनिवार को कहा कि अमेरिका की ओर से ईरान पर लगाई गई आर्थिक नाकेबंदी को तेहरान एक तरह का युद्ध मानता है और इसे खत्म करने के लिए वह सभी जरूरी कदम उठाएगा.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, गरीबाबादी ने कहा कि ईरान कभी राजनीतिक मांगों को मनवाने के लिए आर्थिक दबाव स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने दोहराया कि देश इस नाकेबंदी का जवाब उचित तरीकों से देगा.
उन्होंने बताया कि ईरान अब भी कतर समेत विभिन्न मध्यस्थ देशों के संपर्क में है, ताकि यह देखा जा सके कि कूटनीति के लिए दोबारा कोई अवसर बनाया जा सकता है या नहीं. इसके लिए आमने-सामने की बैठकों के साथ-साथ वर्चुअल बातचीत भी जारी है.
ईरान की कतर से क्या हुई बातचीत
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, गरीबाबादी ने पुष्टि की कि शुक्रवार रात एक कतर का प्रतिनिधिमंडल तेहरान आया था. दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक चर्चा हुई, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल लौट गया. उन्होंने कतर की कूटनीतिक कोशिशों और दोनों पक्षों के बीच संवाद बनाए रखने में उसकी भूमिका की सराहना की.
उप विदेश मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्री अब्बास अराघची की ओर से पहले ओमान के सुल्तान को दिया गया ईरान का दो-दिवसीय प्रस्ताव अभी कायम है. उन्होंने कहा कि यही तेहरान की ओर से औपचारिक रूप से पेश की गई एकमात्र योजना है. उनके मुताबिक, बातचीत में आगे बढ़ने की संभावना इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिका इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए जरूरी शर्तों को पूरा करता है या नहीं.
अमेरिका के आरोपों पर क्या बोले गरीबाबादी
अमेरिका की ओर से हाल ही में लगाए गए उन आरोपों पर भी गरीबाबादी ने प्रतिक्रिया दी, जिनमें कहा गया था कि ईरान रासायनिक हथियार या ‘डर्टी बम’ का इस्तेमाल कर सकता है. उन्होंने इन आरोपों को राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताया और कहा कि इनका उद्देश्य अमेरिका के राजनीतिक और सैन्य लक्ष्यों को आगे बढ़ाना है.
गरीबाबादी ने कहा कि ये आरोप उसी तरह के हैं जैसे पहले ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर लगाए गए थे. उन्होंने दावा किया कि ईरान की परमाणु सामग्री का ‘एक ग्राम भी’ सैन्य उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया है.
इनपुट – आईएएनएस
यह भी पढ़ें : PM मोदी के कनाडा दौरे से पहले ट्रेड डील की तैयारी, भारत-कनाडा के बीच बनी सहमति



