उत्तर प्रदेशभारत

घर में घुसा पांडु नदी का पानी, गर्भवती पत्नी-बुजुर्ग माता-पिता फंसे; 25 मिनट में पहुंची NDRF

Kanpur News: घर में घुसा पांडु नदी का पानी, गर्भवती पत्नी-बुजुर्ग माता-पिता फंसे; 25 मिनट में पहुंची NDRF

पांडु नदी की बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला.

Kanpur News: कानपुर में पांडु नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाकों तक पहुंच गया है. बनपुरवा मजरा, ग्राम पिपौरी में पानी घरों के आसपास पहुंचने से एक परिवार घर के अंदर ही फंस गया. परिवार में गर्भवती महिला के साथ बुजुर्ग माता-पिता भी थे. परिवार ने मदद के लिए प्रशासन की हेल्पलाइन नंबर 1070 पर फोन किया. सूचना मिलने के करीब 25 मिनट के भीतर NDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

घर में घुसा बाढ़ का पानी, परिवार की बढ़ी चिंता

पांडु नदी का पानी तेजी से आबादी की ओर बढ़ने के बाद कौशल गौतम का परिवार घर में फंस गया. पानी घर के आसपास जमा होने के कारण परिवार के लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया था. कौशल की पत्नी सुमन गुप्ता गर्भवती हैं. ऐसे में परिवार की सबसे बड़ी चिंता उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने और चिकित्सकीय सलाह दिलाने की थी. परिवार में बुजुर्ग माता-पिता भी मौजूद थे, इसलिए सभी लोगों को सुरक्षित निकालना चुनौती बन गया था.

ये भी पढे़ं- Shravasti Flood: घर डूबे, चूल्हे बुझे और छतों पर गुजरी रात श्रावस्ती में राप्ती नदी ने मचाई तबाही, रेस्क्यू जारी

हेल्पलाइन 1070 पर मांगी मदद

मुश्किल में फंसे कौशल गौतम ने प्रशासन की हेल्पलाइन 1070 पर फोन कर अपनी स्थिति बताई. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि पांडु नदी का पानी तेजी से आबादी में पहुंच रहा है और उनका परिवार घर से बाहर नहीं निकल पा रहा है. सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता पर लिया. परिवार से वॉट्सऐप के जरिए भी लगातार संपर्क किया गया और उन्हें जल्द मदद पहुंचाने का भरोसा दिया गया.

25 मिनट में पहुंची NDRF की टीम

हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के करीब 25 मिनट के भीतर NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई. टीम ने सावधानी के साथ परिवार के सभी सदस्यों को घर से बाहर निकाला. गर्भवती महिला और बुजुर्गों को भी सुरक्षित तरीके से बाहर लाया गया. NDRF की कार्यवाही के बाद परिवार ने राहत की सांस ली. प्रशासन के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं.

तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि हेल्पलाइन के जरिए परिवार के बाढ़ में फंसे होने की जानकारी मिली थी. परिवार में गर्भवती महिला होने के कारण मामले को प्राथमिकता पर लिया गया और NDRF की टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया. टीम ने समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. प्रशासन का कहना है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है. जरूरत के मुताबिक राहत एवं बचाव टीमें भेजी जा रही हैं.

समय पर मदद से टला बड़ा खतरा

पांडु नदी का पानी आबादी की ओर बढ़ने से कई इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ी हुई है. इस घटना में परिवार की ओर से समय पर हेल्पलाइन पर सूचना देने और प्रशासन की त्वरित कार्यवाही से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका. परिवार ने राहत और बचाव टीम की मदद के लिए प्रशासन का आभार जताया.

अनुराग अग्रवाल

अनुराग अग्रवाल

सोलो ट्रैवलिंग का शौक. सहारा समय, इंडिया वॉइस और न्यूज़ नेशन जैसी संस्थाओं में 18 साल से ज्यादा का टीवी जर्नलिज्म का अनुभव.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button