उत्तर प्रदेशभारत

चौथी मंजिल से कैसे गिरा शिवा शर्मा? श्रद्धा दुबे के फ्लैट में पुलिस ने 3 बार गिराया पुतला, खुलेगा मौत का राज!

चौथी मंजिल से कैसे गिरा शिवा शर्मा? श्रद्धा दुबे के फ्लैट में पुलिस ने 3 बार गिराया पुतला, खुलेगा मौत का राज!

शिवा शर्मा की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी लखनऊ पुलिस.

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इस मामले में पुलिस ने श्रद्धा दुबे के अवध ग्रीन अपार्टमेंट स्थित फ्लैट में क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया. पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉक्टरों की मौजूदगी में एक पुतले को तीन अलग-अलग तरीकों से चौथी मंजिल से नीचे गिराया गया. इसका मकसद यह पता लगाना है कि 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा किन परिस्थितियों में बालकनी से नीचे गिरा था. पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. माना जा रहा है कि रिपोर्ट से उनकी मौत की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है. वहीं श्रद्धा दुबे की न्यायिक हिरासत 26 नवंबर तक बढ़ा दी गई है.

श्रद्धा के फ्लैट और बालकनी में कराया गया क्राइम सीन रीक्रिएशन

हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. इसी सिलसिले में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया. यह प्रक्रिया श्रद्धा दुबे के फ्लैट और उसकी बालकनी में पूरी की गई. दरअसल, पुलिस यह समझना चाहती है कि शिवा शर्मा 9 अक्टूबर को अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से किस तरह नीचे गिरा था. इसके लिए एक पुतला तैयार कराया गया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पुतले को तीन अलग-अलग परिस्थितियों में नीचे गिराकर घटना के समय की संभावित स्थिति को समझने की कोशिश की.

ये भी पढ़ें- प्यार, शादी और फिर मर्डर 3 महीने पहले की लव मैरिज, अब पत्नी ने पत्थर से कुचलकर पति को मार डाला

इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य विवेचक, दो सह विवेचक, फॉरेंसिक विशेषज्ञ और डॉक्टर मौजूद रहे. टीम ने फ्लैट के अंदर से लेकर बालकनी तक का बारीकी से निरीक्षण किया. अलग-अलग तरीकों से पुतला गिराने के बाद यह समझने का प्रयास किया गया कि गिरने की स्थिति में शरीर की दिशा और उसकी स्थिति कैसी हो सकती थी.

हत्या, आत्महत्या या हादसा… तीनों पहलुओं पर जांच

शिवा शर्मा की मौत के मामले में शुरुआत से ही कई सवाल उठ रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह चौथी मंजिल से खुद गिरा था या उसे नीचे गिराया गया था. पुलिस इसी सवाल का जवाब तलाशने में जुटी है. क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान तीन अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखकर पुतले को गिराया गया. इसका उद्देश्य घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संभावित घटनाक्रम के बीच संबंध समझना है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटनास्थल की स्थिति और उपलब्ध सबूत किस संभावना की ओर इशारा करते हैं. हालांकि केवल क्राइम सीन रीक्रिएशन के आधार पर मौत की वजह तय नहीं की जाएगी. इसके लिए फॉरेंसिक जांच और दूसरे साक्ष्यों का मिलान किया जाएगा. पुलिस को अब विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.

3 आरोपी जेल में बंद, हत्या का मुकदमा दर्ज

इस मामले में शिवा शर्मा की लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज है. तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. फिलहाल तीनों लखनऊ जेल में बंद हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले से जुड़े दूसरे साक्ष्य भी जुटा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. क्राइम सीन रीक्रिएशन को इस मामले की जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है.

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी शिवा की मौत

शिवा शर्मा की मौत का मामला 9 अक्टूबर को सामने आया था. उस दिन हजरतगंज के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर अलीगंज निवासी कारोबारी शिवा शर्मा की मौत हो गई थी. घटना के बाद शुरुआत से ही उसकी मौत को लेकर सवाल उठने लगे थे. 10 अक्टूबर को शिवा की मां रंजना शर्मा की शिकायत पर हजरतगंज थाने में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई. शिकायत में हत्या समेत गंभीर आरोप लगाए गए थे.

नेपाल तक तलाश, नागपुर से गिरफ्तार हुए आरोपी

  • मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. 13 अक्टूबर को श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया.
  • 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर श्रद्धा दुबे के कुछ वीडियो सामने आए. इन वीडियो में श्रद्धा ने शिवा की मौत को आत्महत्या बताया और खुद को निर्दोष बताया था. उसने शिवा पर कर्ज होने और जेवर ले जाने से जुड़े दावे भी किए थे.
  • 16 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नेपाल पुलिस से भी मदद मांगी. इसके अगले दिन यानी 17 अक्टूबर को श्रद्धा, रश्मि और दानिश के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया.
  • 18 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की. इसी दौरान तीनों पर घोषित इनाम की राशि बढ़ाकर 50-50 हजार रुपए कर दी गई.
  • 20 अक्टूबर को लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के नागपुर से श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश को गिरफ्तार कर लिया.
  • 21 अक्टूबर को तीनों को नागपुर की अदालत में पेश किया गया. इसी दिन यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा के मित्र और मैनेजर बताए गए नामजद आरोपी आदिल को भी गिरफ्तार किया.
  • 22 अक्टूबर को श्रद्धा, रश्मि और दानिश को लखनऊ कोर्ट में पेश किया गया. अदालत के आदेश के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
  • 31 अक्टूबर को कोर्ट में पेशी के बाद तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 नवंबर तक बढ़ा दी गई.
  • 13 नवंबर को श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की न्यायिक हिरासत कोर्ट द्वारा 26 नवंबर तक बढ़ा दी गई है.

फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुल सकते हैं मौत के राज

शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस अब तक कई स्तरों पर जांच कर चुकी है. आरोपियों की गिरफ्तारी, पूछताछ और घटनास्थल की जांच के बाद अब क्राइम सीन रीक्रिएशन कराया गया है. पुतले को तीन अलग-अलग तरीकों से गिराकर पुलिस ने यह समझने की कोशिश की है कि घटना के समय क्या परिस्थितियां रही होंगी?

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button