‘वो भगवान से ऊपर’, अभिषेक बनर्जी की न्यायधीशों पर टिप्पणी पर TMC के बागी MLA मदन मित्रा का तंज

तृणमूल कांग्रेस के नेता और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की कलकत्ता हाईकोर्ट के न्यायधीशों पर की गई टिप्पणी को लेकर अब उनकी पार्टी के नेताओं ने ही उनकी आलोचना शुरू कर दी है. इस बीच कलकत्ता हाई कोर्ट ने भी अभिषेक बनर्जी की टिप्पणियों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. जिसे लेकर TMC के बागी विधायक मदन मित्रा ने अभिषके पर तीखे तंज कसे हैं.
न्यायाधीशों पर अभिषेक बनर्जी की टिप्पणियों के संबंध में कलकत्ता हाईकोर्ट की टिप्पणियों पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी नेता मदन मित्रा ने कहा, ‘हम यहां हाईकोर्ट की बात कर रहे हैं और मामला अभिषेक बनर्जी से जुड़ा है. अभिषेक बनर्जी तो सबसे ऊपर हैं, यहां तक कि भगवान से भी ऊपर! वे तो चंद्रयान अंतरिक्ष यान से भी ऊंचाई पर उड़ते हैं!’
उन्होंने पार्टी की कार्यकारी बागडोर अभिषेक बनर्जी से लेकर कल्याण बनर्जी और कुणाल घोष को दिए जाने पर कहा, “मुझे ममता बनर्जी को बधाई देनी चाहिए. ‘दीदी’, बहुत बढ़िया! आपने पार्टी की पूरी बागडोर, सारी चाबियां, यहां तक कि ‘मास्टर चाबियां’ भी अभिषेक के हाथों से लेकर कल्याण और कुणाल को सौंप दी हैं. आपने बहुत अच्छा काम किया है, कृपया इसे जारी रखें. आपको इसके बहुत अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे.”
अभिषेक बनर्जी ने कहा न्यायधीश बीजेपी के दबाव में
इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी को उनके इस दावे के लिए फटकार लगाई कि कुछ न्यायाधीश भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राजनीतिक दबाव में आ गए हैं.
हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
न्यायमूर्ति कृष्ण राव, बनर्जी की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाकर Z+ श्रेणी में करने की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे, तभी राज्य के वकील ने TMC नेता की विवादास्पद टिप्पणियों की ओर अदालत का ध्यान दिलाया. अदालत ने बनर्जी के इस आरोप पर कड़ी नाराजगी जताई कि कई न्यायाधीश सत्ताधारी BJP के पक्ष में झुके हुए हैं, और राजनीतिक विरोधियों या आम नागरिकों से जुड़े मामलों की सुनवाई तुरंत नहीं की जाती है.
न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने बनर्जी के वकील से कहा, “अपने मुवक्किल से उन न्यायाधीशों की सूची मांगिए जो BJP और TMC से जुड़े हैं. आपके मुवक्किल तो न्यायाधीशों की ACR (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) लिख रहे हैं!”



