उत्तर प्रदेशभारत

पन्ना में दीवार गिराकर भागे हार्वेस्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक युवक की मौत; दूसरे की हालत नाजुक

पन्ना में दीवार गिराकर भागे हार्वेस्टर ने बाइक सवार को कुचला, एक युवक की मौत; दूसरे की हालत नाजुक

हादसे के बाद पलटा हार्वेस्टर

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक बेकाबू हार्वेस्टर ने सड़क पर मौत का तांडव मचा दिया. शाहनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दीवार गिराकर भाग रहे हार्वेस्टर ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. भीषण हादसे में 27 साल के युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है. वहीं, हादसे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

जानकारी के मुताबिक, बोरी रोड स्थित लमतरा गांव में एक हार्वेस्टर चालक ने वाहन से एक दीवार गिरा दी थी. दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों ने हार्वेस्टर को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में वहां से भागने लगा.

पीछा करने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रामीणों ने बाइक से हार्वेस्टर का पीछा करना शुरू कर दिया. इसी दौरान ठेपा के पास बाइक सवार युवक बेकाबू हार्वेस्टर की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि लमतरा निवासी 27 साल के रामफल यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, बाइक पर सवार 30 साल के प्रहलाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की मदद से घायल प्रहलाद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहा हार्वेस्टर रैपुरा थाना क्षेत्र के चमरैया मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया.

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हार्वेस्टर चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दीवार गिरने के बाद चालक ने वाहन क्यों नहीं रोका और आखिर किन परिस्थितियों में यह दर्दनाक हादसा हुआ. वहीं, ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. एक युवक की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से परिवारों में दुख का माहौल है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है.

राकेश पाठक

राकेश पाठक

राकेश पाठक पिछले 20 वर्षों से निरंतर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने सन 2006 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के नेशनल चैनल जैन टीवी में पन्ना जिला संवाददाता के रूप में कार्य शुरू किया. प्रिंट मीडिया में दैनिक जागरण ग्वालियर, दैनिक जागरण रीवा तथा राज एक्सप्रेस समाचार पत्र में भी काम कर चुके हैं.

इसके अलावा ETV भारत में विधानसभा कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में भी कार्य किया. सन 2019 से निरंतर देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में पन्ना जिले के स्ट्रिंगर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button