उत्तर प्रदेशभारत

अखिलेश का आरोप- दूसरे प्रदेशों के लोगों का यूपी में वोट बनवाने की तैयारी कर रही है BJP

अखिलेश का आरोप- दूसरे प्रदेशों के लोगों का यूपी में वोट बनवाने की तैयारी कर रही है BJP

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर सियासी घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही है. अखिलेश ने कहा कि हमने 25 लाख डुप्लीकेट वोटर्स अपने सिस्टम से ढूंढ निकाले हैं, वो चुनाव आयोग को भेजेंगे.

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वास्तव में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब हैं, तो बीजेपी की बैठक इसी वजह से हो रही है. उनके मुताबिक, बीजेपी उन वोटों को लेकर तैयारी कर रही है, जो लोगों के दूसरे राज्यों में चले जाने या फर्जी नाम दर्ज होने जैसी वजहों से वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं. बीजेपी की मीटिंग पर अखिलेश ने कहा कि वहां SSR की बैठक नहीं चल रही बल्कि पूरा चुनाव कैसे लूट लिया जाए… उसकी तैयारी चल रही है.

दूसरे राज्यों से लोगों को लाने का लगाया आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश में मतदाता के तौर पर दर्ज कराने की योजना बना रही है, जो यहां के नहीं हैं या जिनका पंजीकरण नहीं है. अखिलेश के मुताबिक, इसके लिए मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों से लोगों को लाने की तैयारी की जा रही है.उन्होंने कहा कि बीजेपी की तैयारी ऐसे लोगों को यूपी की मतदाता सूची में शामिल कराने की है. अखिलेश ने इसे बीजेपी की कथित चुनावी रणनीति बताते हुए सवाल उठाए.

योगी ने किया था 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का दावा

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट में नहीं हैं. उन्होंने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची और विधानसभा की मतदाता सूची के बीच अंतर का हवाला दिया था. योगी ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से भी अपील करने की बात कही थी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस आंकड़े में पंचायत मतदाता सूची में दर्ज करीब 66 लाख नाम, सरकारी योजनाओं के लगभग 55 लाख लाभार्थी और 18 से 19 साल की उम्र के करीब 4.5 लाख मतदाता शामिल हैं. उन्होंने कहा था कि पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने चाहिए.

वोटर लिस्ट को लेकर आमने-सामने BJP और सपा

वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच पहले से ही आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. अखिलेश यादव इससे पहले भी मुख्यमंत्री से सवाल कर चुके हैं कि उन्हें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का आंकड़ा कहां से मिला. उन्होंने चुनाव आयोग और राज्य सरकार के बीच आंकड़ों के साझा किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए थे.

PDA प्रहरियों की भूमिका का किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने बयान में PDA प्रहरियों की भूमिका को खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठन और कार्यकर्ता लगातार चुनाव और चुनावी तैयारियों पर काम कर रहे थे. PDA प्रहरी भी मतदाता सूची पर नजर बनाए हुए थे. अखिलेश के मुताबिक, जब भी किसी इलाके में वोट काटे जाने की कोशिश हुई, तो पार्टी के लोगों ने समय रहते इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपने वोटों की रक्षा की और इसी वजह से पार्टी अपने वोट बचाने में सफल रही.

‘सैफई में भैंस चराते’ वाले बयान का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने बयान में बीजेपी पर सामाजिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए ‘सैफई में भैंस चराते’ वाले बयान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब कुछ और काम नहीं आया तो यही उनका मानक संवाद रह गया. अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आने के बाद से कई लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी भेदभाव हो रहा है. उनके मुताबिक, लोगों को संविधान के तहत जो अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिला.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button