रणबीर कपूर ने बताया डायरेक्शन का प्लान, बोले- अपनी फिल्म में खुद को नहीं करूंगा डायरेक्ट

रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ को लेकर सुर्खियों में हैं. फिल्म में उन्होंने भगवान राम का किरदार निभाया है. इसी बीच एक्टर ने अपने करियर को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जो उनके फैंस के लिए काफी दिलचस्प है.
रणबीर अब सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं रहना चाहते, बल्कि जल्द ही फिल्म डायरेक्ट करने का सपना भी पूरा करना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पहली फिल्म की कहानी की स्क्रिप्ट लिखनी भी शुरु कर दी है.
कुछ महीने पहले ही शुरू किया फिल्म लिखने का काम
रणबीर कपूर ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में अपने डायरेक्टर बनने की इच्छा पर बात की. रणबीर ने डायरेक्शन के बारे में बात करते हुए कहा, ‘मैंने कुछ महीने पहले ही एक स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है और यह काम बहुत मुश्किल है. अब मैं राइटर्स और क्रिएटर्स का और ज्यादा सम्मान करने लगा हूं. मैं सोचता हूं कि आखिर आप कोई कहानी बनाते कैसे हैं?’
उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे सच में लगता है कि एक म्यूजिक आर्टिस्ट के बाद अगर किसी का काम सबसे ज्यादा क्रिएटिव होता है, तो वह डायरेक्टर है. डायरेक्टर के लिए अपनी कहानी पर्दे पर उतारना और इतने सारे लोगों को एक साथ लेकर काम करना बहुत खूबसूरत अनुभव है. मैं उम्मीद करता हूं कि एक दिन ऐसा कर पाऊंगा.’
रणबीर अपनी फिल्म में नहीं करना चाहते एक्टिंग
इंटरव्यू के दौरान रणबीर ने अपने काम करने के तरीके और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी बात की. उन्होंने कहा, ‘मैं साल में सिर्फ 100-125 दिन काम करता हूं, इसलिए मेरे पास स्टोरी लिखने के लिए बहुत टाइम होता है. मैं पहले कभी इतना बिजी नहीं रहा और न ही मैंने कभी किसी काम के लिए इतना समर्पित होकर काम किया है.’
उन्होंने बताया, ‘पहले मेरी एक फिल्म रिलीज होती थी और फिर मैं दूसरी फिल्म शुरू कर देता था. लेकिन मुझे लगता है कि बतौर एक्टर यह मेरा आखिरी दशक है. मैं अब डायरेक्शन की तरफ भी बढ़ना चाहता हूं. हालांकि, मैं खुद को अपनी फिल्म में डायरेक्ट नहीं करना चाहता.’
हालांकि, उन्होंने अभी तक ये तय नहीं किया है कि वे किस जॉनर पर काम करेंगे. लेकिन उनका कहना है कि वो ऐसी फिल्म बनाना चाहते हैं जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके.
रणबीर ने आगे बताया कि फिलहाल उनकी कोशिश है कि वह पहले उन फिल्मों को पूरा करें, जो पहले से उनके पास हैं. इनमें ‘ब्रह्मास्त्र 2’, ‘एनिमल 2’ और ‘रामायण: पार्ट 2’ शामिल हैं. इन फिल्मों का काम पूरा करने के बाद वह अपनी पहली डायरेक्टोरियल फिल्म शुरू करना चाहते हैं. उनकी योजना अगले 2-3 साल में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने की है.
परिवार में पहले भी रहा है फिल्म निर्देशन का अनुभव
रणबीर का फिल्म निर्देशन से पुराना नाता भी रहा है. उनके पिता ऋषि कपूर ने साल 1999 में फिल्म ‘आ अब लौट चलें’ का निर्देशन किया था. रणबीर उस समय करीब 15-16 साल के थे और उन्होंने इस फिल्म में अपने पिता को असिस्ट भी किया था. इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘ब्लैक’ में भी संजय लीला भंसाली को असिस्ट किया था.
वहीं, रणबीर के दादा राज कपूर हिंदी सिनेमा के बड़े फिल्ममेकर रहे हैं. उन्होंने ‘आवारा’ और ‘श्री 420’ जैसी कई यादगार फिल्मों का निर्देशन किया था. उन्होंने महज 24 साल की उम्र में अपना आर के स्टूडियो भी शुरू कर दिया था.



