उत्तर प्रदेशभारत

बंद ईंट-भट्टे में चल रहा था साइबर ठगी का खेल, 47.82 लाख के फ्रॉड का खुलासा; 2 गिरफ्तार

Moradabad Cyber Fraud: मुरादाबाद में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. यह गिरोह बंद पड़े ईंट-भट्टे को अपना ठिकाना बनाकर देशभर में साइबर ठगी का नेटवर्क चला रहा था. पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से 13 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और नकदी समेत बड़ी संख्या में सामान बरामद हुआ है. शुरुआती जांच में आरोपियों के बैंक खातों के जरिए 47 लाख 82 हजार 90 रुपए के अवैध लेनदेन का खुलासा हुआ है.

बंद पड़े ईंट-भट्टे पर चल रहा था साइबर ठगी का धंधा

मुरादाबाद पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है. इसी दौरान थाना भगतपुर और साइबर क्राइम थाने की संयुक्त टीम को एक गिरोह के बारे में जानकारी मिली. मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टाहमदन रोड स्थित एक बंद पड़े ईंट-भट्टे पर छापेमारी की. यहां से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

ये भी पढ़ें- चलो मथुरा की ओर, लगा दो एक और जोर कुंडा में बागेश्वर बाबा ने रामकथा के मंच से दिया नारा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन पुत्र मुर्तजा निवासी दौलपुरी बनमईया और फिरोज आलम पुत्र जमीर अहमद निवासी भगतपुर के रूप में हुई है. दोनों आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े हुए थे. उन्होंने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बंद पड़े ईंट-भट्टे को अपना ठिकाना बना रखा था.

लोगों के दस्तावेजों से खुलवाते थे बैंक खाते

पुलिस की पूछताछ में साइबर ठगी के इस गिरोह के काम करने का तरीका भी सामने आया है. आरोपी सीधे-सादे लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. इसके बाद उनके आधार, पैन और दूसरे दस्तावेजों का इस्तेमाल करके अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे. इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल की गई रकम मंगाने के लिए किया जाता था.

ऐसे खातों को म्यूल अकाउंट कहा जाता है. ठगी की रकम इन खातों में आने के बाद आरोपी अलग-अलग तरीकों से नकदी निकाल लेते थे. इसके बाद गिरोह के सदस्य आपस में पैसे बांट लेते थे. इस तरह वे देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से ठगी कर रहे थे.

20 दिनों में 47.82 लाख रुपए का लेनदेन

एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस की साइबर जांच में कई बैंक खातों के जरिए बड़े पैमाने पर लेनदेन की जानकारी मिली है. जांच में सिटी यूनियन बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक समेत कई अन्य बैंक खातों का पता चला है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 7 अक्टूबर 2025 से 27 अक्टूबर 2025 के बीच महज 20 दिनों में 47 लाख 82 हजार 90 रुपए का अवैध लेनदेन किया. पुलिस अब इन खातों से जुड़े दूसरे लोगों और साइबर ठगी के पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है.

13 मोबाइल और 5 लैपटॉप समेत बड़ी बरामदगी

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 2 चार्जर, 10 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, फर्जी हस्ताक्षर वाला एक चेक और 9 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं. इसके अलावा 3 सिम कार्ड, एक बुलेट मोटरसाइकिल की आरसी, 3 पैन कार्ड, 5 आधार कार्ड और 1 लाख 5 हजार रुपए की नकदी भी मिली है.

गिरोह के 2 अन्य सदस्य अभी फरार

पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के दो अन्य मुख्य सदस्य शाहनवाज और सरफराज अभी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में भेजी गई.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button