सपा के गुंडों ने जेसीबी से कुचलकर बच्चे की हत्या कर दी, गोरखपुर में पीड़ित परिवार से मिलकर बोले CM योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (File)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 13 वर्षीय छात्र आर्य वर्धन के परिवार से मुलाकात की. इस दौरान, सीएम योगी ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. आर्य वर्धन की मौत से परिवार गहरे सदमे और दुख में है, और इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. मृतक आर्य वर्धन, बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के बेटे थे.
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल समाजवादी पार्टी से जुड़े गुंडों ने एक नाबालिग बच्चे को कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. मैं यहां पीड़ित परिवार से मिलने आया हूं. जेसीबी मशीन की टक्कर लगने के बाद, बच्चे को कुचल दिया गया जिससे उसकी मौत हो गई. इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, इन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इन बदमाशों को उनके किए की उचित सजा मिले. इस बीच सीएम योगी के साथ गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की है.
#WATCH गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में PDA रैली के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से जान गंवाने वाले 12 वर्षीय लड़के के शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उनके साथ भाजपा सांसद रवि किशन भी मौजूद हैं। https://t.co/NowoA9QCnf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 19, 2026
जेसीबी की टक्कर से हुई थी आर्य वर्धन की मौत
बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपनी बहन को ट्यूशन क्लास से लाने के लिए स्कूटर से जा रहा था. रास्ते में, झारखंडी और कुडाघाट के बीच जो गोरखपुर के एम्स (AIIMS) पुलिस थाना क्षेत्र में आता है उस पर एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी. इस हादसे में छात्र को गंभीर चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद, घायल लड़के को इलाज के लिए एम्स, गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में कोहराम मच गया.
6 नामजद लोगों और 50 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
बीजेपी नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन की मौत के मामले में, पुलिस ने 6 नामजद लोगों और 50 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. मृतक के पिता की औपचारिक शिकायत के बाद एम्स (AIIMS) पुलिस थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है. पुलिस ने घटना में शामिल जेसीबी मशीन को भी जब्त कर लिया है.
अखिलेश ने बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
इस बीच, अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि बीजेपी के शासन में किसी को भी ऐसे मामलों में झूठा फंसाया जा सकता है. उन्होंने आगे कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में जानकारी नहीं थी और उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की ओर से कोई एहतियाती इंतजाम नहीं किए गए थे.





