दिवाली पर गोरखपुर के वनटांगिया गांव जाएंगे सीएम योगी, 82 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात


सीएम योगी आदित्यनाथImage Credit source: X/@myogiadityanath
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व दीपावली की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में ग्रामीणों के साथ दिवाली मनाएंगे. इस दौरान वह ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कि लिखा ‘विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर में सुख, समृद्धि एवं सम्मान का दीप जले, यही दीपावली की सार्थकता है। इसी अंत्योदय भाव के साथ आज गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया में वनटांगिया समाज के लिए ₹82 करोड़ से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट वितरित की जाएंगी’.
विकास का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर घर में सुख, समृद्धि एवं सम्मान का दीप जले, यही दीपावली की सार्थकता है।
इसी अंत्योदय भाव के साथ आज गोरखपुर के जंगल तिनकोनिया में वनटांगिया समाज के लिए ₹82 करोड़ से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास होगा। साथ ही, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को किट वितरित की जाएंगी।
वनटांगिया परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराने हेतु डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध है।
सभी को महापर्व दीपावली की हार्दिक बधाई।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 8, 2026
‘वनटांगिया परिवारों के लिए सरकार प्रतिबद्ध’
मुख्यमंत्री ने बताया कि वनटांगिया परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराने के लिए डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध है. इसके साथ ही उन्होंने सभी को महापर्व दीपावली की हार्दिक बधाई दी.
विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गांव में पूरा तैयारियां कर ली गई हैं. लोगों में काफी उत्साह है. अपने दौरे के दौरान सीएम 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी शामिल है. करीब 3.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से वनटांगिया गांव के लोगों को आने-जाने में आसानी होगी. इससे गांव का संपर्क मार्ग भी बेहतर होगा.
सीएम योगी कुल 52 विकास कार्यों की सौगात देंगे. इनमें 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की लागत वाले 26 कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा. वहीं, 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण होगा. इन परियोजनाओं में ज्यादातर काम गांवों में सड़क, बाजार और दूसरी जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े हैं.





