दिवाली पर कई राज्यों में भिगाएगी बारिश, कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम?


आज का मौसम
Aaj Ka Mausam: देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दक्षिण भारत में मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. वहीं उत्तर भारत में सुबह-शाम और रात में तापमान में गिरावट की वजह से ठंड महसूस हो रही है. पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने मौसम सुहावना बनाया हुआ है. इस बीच आज दिवाली पर मौसम विभाग ने देशभर के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है.
देश की राजधानी दिल्ली में बारिश त्योहार की खुशियों में कोई खलल नहीं डालेगी. हालांकि, दिल्ली की हवा इन दिनों बहुत प्रदूषिुत है. आज दिल्ली में हल्का कोहरा रह सकता है. अधिकतम 29 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है. दिल्ली में कल मध्यम कोहरा रह सकता है. फिलहाल राज्य में 13 नवंबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.
यूपी में सात दिन कोहरा और धुंध, बिहार में हल्की ठंड
उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए दिवाली पर मौसम में राहत रहेगी. आज बारिश की संभावना नहीं है और आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. अगर अगले सात दिनों के मौसम की बात करें तो प्रदेश में कई जिलों में हल्का कोहरा छा सकता और हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. बिहार में ठंड के शुरुआत जैसा मौसम होने लगा है. सुबह-रात के वक्त हल्की धुंध और ठंड होने लगी है. 14 नवंबर तक यहां आंधी-तूफान या बारिश की संभावना नहीं है.
दिवाली पर झारखंड में मौसम के सामान्य और सुहावना रहने का अनुमान है. आज सुबह के समय हल्का कुहासा या धुंध देखने को मिल सकती है. 10 और 11 नवंबर को राज्य के कुछ चुनिंदा इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं. पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 9 से 12 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.
राजस्थान और एमपी में साफ रहेगा मौसम
राजस्थान में आज मौसम शुष्क बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके प्रभाव से हिमालयी इलाकों के मौसम में बदलाव होने की संभावना है. मध्य प्रदेश में आज किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है. प्रदेश के सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे सर्दी का अहसास बढ़ता जाएगा.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम व मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक बारिश के आसार हैं. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में आज और कल बारिश हो सकती है. तेलंगाना में आज हल्की बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक में आज व कल और 13 नवंबर को, जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में आज से 13 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.
उत्तराखं-हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में आज 5 जिलों में मौसम बदल सकता है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इन जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में आज और कल मौसम शुष्क रहेगा. 10 नवंबर से मौसम करवट लेगा. 10 से 12 नवंबर तक राज्य में बाारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है.
ये भी पढ़ें: दिवाली पर दिल्ली में हेल्थ अलर्ट! अस्पतालों में बर्न-इमरजेंसी बेड रिजर्व; प्रदूषण बढ़ने का खतरा बढ़ा





