उत्तर प्रदेशभारत

सफर के बीच भेजी ऑटो की फोटो, फिर बंद हुआ फोन… नोएडा से लापता बाउंसर अजय की मर्डर मिस्ट्री, दिल्ली में मिली लाश

सफर के बीच भेजी ऑटो की फोटो, फिर बंद हुआ फोन… नोएडा से लापता बाउंसर अजय की मर्डर मिस्ट्री, दिल्ली में मिली लाश

बाउंसर अजय चौधरी (फाइल फोटो)

Noida Crime News: नोएडा के सेक्टर- 71 से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए बाउंसर अजय चौधरी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है. करीब एक सप्ताह की सघन तलाश के बाद अजय का शव दिल्ली स्थित गाजीपुर फूल मंडी के पास एक नाले से बरामद हुआ. परिजनों की शिकायत और ऑटो चालक पर जताए गए शक के आधार पर पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है.

अजय चौधरी नोएडा के सेक्टर- 121 में एक कारोबारी के पास ड्राइवर और बाउंसर के रूप में कार्यरत थे. 24 सितंबर की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वे सेक्टर- 71 से अपने घर के लिए निकले थे. सफर के दौरान उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी को एक ऑटो की तस्वीर भेजी. इसके कुछ ही समय बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. परिवार द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद 26 सितंबर को नोएडा के फेज- 3 थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी.

पत्नी को भेजी थी फोटो और ऑटो का नंबर

जांच में पता चला है कि अजय सेक्टर- 71 से आनंद विहार की तरफ गए थे. रास्ते में छिजारसी के पास उनका ऑटो चालक से विवाद हुआ, जिसके बाद वे दूसरा ऑटो लेकर आनंद विहार पहुंचे. वहां उन्होंने एक दुकान से पानी और नमकीन खरीदी और रात करीब 11:22 बजे दुकान व ऑटो की तस्वीर अपनी पत्नी को भेजी. इसके तुरंत बाद उनका फोन बंद हो गया. सर्विलांस में मोबाइल की आखिरी लोकेशन गाजियाबाद के डसना क्षेत्र में दर्ज की गई.

ये भी पढ़ें: दिनदहाड़े मर्डर से दहला बेगूसराय: कार वाशिंग सेंटर संचालक को मारीं तीन गोलियां, मौके पर मौत

नाले से मिला शव, शरीर पर चाकू के निशान

इस बीच दिल्ली पुलिस को गाजीपुर फूल मंडी के पास नाले से एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली. शिनाख्त करने पर शव की पहचान अजय चौधरी के रूप में हुई. अजय के शरीर और गर्दन पर चाकू के कई वार पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.

ऑटो चालक हिरासत में, CCTV फुटेज से सुलझेगी गुत्थी

परिजनों द्वारा शक जताए जाने के बाद पुलिस ने संबंधित ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब ऑटो की नंबर प्लेट, दुकान की फोटो, कॉल डिटेल और रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर हत्या के कारणों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button