उत्तर प्रदेशभारत

पिकनिक पर न जाने की जिद न करता रजीउल्लाह, तो बच जाती जान; कन्नौज हादसे में इकलौते बेटे की मौत पर फफक पड़ा पिता

पिकनिक पर न जाने की जिद न करता रजीउल्लाह, तो बच जाती जान; कन्नौज हादसे में इकलौते बेटे की मौत पर फफक पड़ा पिता

कन्नौज बस हादसा

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. पिकनिक मनाकर लौट रहे स्कूली बच्चों की बस में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए. इस हादसे में जान गंवाने वालों में 11वीं कक्षा का छात्र रजीउल्लाह भी शामिल था. इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता समीउल्लाह का रो-रोकर बुरा हाल है.

समीउल्लाह बार-बार बेटे की तस्वीर मोबाइल में देखते और आंसू पोंछते नजर आए. उन्हें इस बात का मलाल है कि अगर उन्होंने बेटे को पिकनिक पर जाने से रोक दिया होता, तो शायद आज उनका इकलौता बेटा उनके बीच होता.

समीउल्लाह ने बताया कि रजीउल्लाह उनका इकलौता बेटा था. वह 11वीं कक्षा में पढ़ता था और पढ़ाई में काफी होनहार था. बेटे की मां शिक्षक हैं, जबकि वह खुद खेती-किसानी करते हैं. दोनों ने मिलकर बेटे के भविष्य के लिए कई सपने देखे थे. पिता चाहते थे कि बेटा पढ़-लिखकर बड़ा अफसर बने और परिवार का नाम रोशन करे.

समीउल्लाह के मुताबिक, दो दिन पहले रजीउल्लाह ने उन्हें बताया था कि स्कूल की ओर से आगरा पिकनिक पर जाने का कार्यक्रम बनाया गया है. वह भी अपने दोस्तों के साथ जाना चाहता था. पिता ने पहले उसे पिकनिक पर जाने से मना कर दिया था, लेकिन बेटे की जिद के आगे आखिरकार उन्हें हामी भरनी पड़ी. उन्होंने बेटे को जाने की इजाजत देने के साथ पिकनिक के लिए दो हजार रुपये भी दिए.

मां ने भी उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन दोस्तों के साथ घूमने की खुशी में रजीउल्लाह पिकनिक पर जाने के लिए काफी उत्साहित था. परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस सफर के लिए बेटा इतनी जिद कर रहा है, वही उसका आखिरी सफर साबित होगा.

रोकी गई थी बस, पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर

बताया जा रहा है कि 24 नवंबर को पिकनिक से लौटते समय बच्चों ने टॉयलेट जाने की बात कही थी. इसके बाद बस को कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 210 के पास सड़क किनारे रोक दिया गया. बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे. सभी बच्चे और शिक्षक बस में ही मौजूद थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आया आलू से लदा ट्रक बस में जा घुसा.

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि 21 बच्चे घायल हो गए. रजीउल्लाह भी बस के पिछले हिस्से में बैठा था. ट्रक की टक्कर ने उसकी जिंदगी छीन ली.

अफसर बनाने का सपना टूटा

बेटे की मौत के बाद समीउल्लाह पूरी तरह टूट गए हैं. जिस बेटे को पढ़ा-लिखाकर बड़ा अफसर बनाने का सपना देखा था, अब उसी की तस्वीर देखकर उन्हें रोना आ रहा है. पिता को बार-बार वह पल याद आ रहा है, जब बेटे ने पिकनिक पर जाने की जिद की थी और उन्होंने उसे जाने की अनुमति दे दी थी.

हादसे के बाद से परिवार में मातम पसरा है. रिश्तेदार और परिचित परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं, लेकिन इकलौते बेटे को खोने का गम किसी भी दिलासे से कम नहीं हो रहा. समीउल्लाह के लिए अब जिंदगी भर का दर्द यही है कि जिस बेटे को खुशी-खुशी पिकनिक पर विदा किया था, वह कभी लौटकर घर नहीं आएगा.

अमित कुमार मिश्रा

अमित कुमार मिश्रा

अमित मिश्रा को पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 14 वर्षों का अनुभव है. अमित की शुरुआत इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से हुई थी लेकिन आगे इन्होंने मीडिया के सभी प्रकार के प्लेटफॉर्म से जुड़कर काम का अनुभव लिया. इन्होंने इलेक्ट्रॉनिक के साथ-साथ प्रिंट और डिजिटल में भी काम किया. क्राइम स्टोरी हो, सॉफ्ट या फिर कोई दिलचस्प खबर… उसकी महत्वता को समझते हुए हमेशा संपूर्ण समर्पण के साथ उसे रिपोर्ट करना प्राथमिकता रही.

अमित ने कन्नौज से ग्रेजुएशन किया. घूमने और नई चीजों को जानने का शौक रखते हैं. राजनीत के साथ-साथ उसके आसपास घटित होने वाली छिपी हुई कहानियों को निकालने इनकी दिलचस्पी रही है. ये आदत इन्हें अन्य से अलग और खास बनाता है.

पत्रकारिता में 2010-11 में ईटीवी के साथ पारी की शुरुआत की. इसके बाद 2012 में समाचार प्लस के लिए रिपोर्टर कन्नौज के तौर पर जुड़े. 7 साल तक समाचार प्लस में बिताने के बाद आर9 टीवी में 1 साल काम किया. इस दौरान प्रिंट मीडिया के कई प्लेटफार्म पर लिखते रहे. इसके बाद वो डिजिटल की तरफ आगे बढ़े और TV9 ग्रुप से जुड़े.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button