पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट की अचानक लखनऊ में लैंडिंग… 198 यात्री थे सवार


इंडिगो फ्लाइट
पुणे से पटना जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा. बताया जा रहा है कि पटना में खराब मौसम के चलते फ्लाइट की सोमवार रात लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, खराब मौसम के कारण विमान को पटना एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं दी जा सकी.
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो फ्लाइट (उड़ान संख्या 6E 653) ने पुणे से पटना के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन पटना में मौसम खराब होने के कारण फ्लाइट को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया. फ्लाइट ने 23 नवंबर को देर रात 2:45 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की.
इस फ्लाइट में 198 लोग सवार थे, जिनमें 187 यात्री, 5 शिशु और 6 क्रू मेंबर शामिल थे. फ्लाइट के पायलट इन कमांड अमित शर्मा थे. फ्लाइट के लखनऊ पहुंचने पर, टर्मिनल पर सभी यात्रियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं. साथ ही, फ्लाइट की तकनीकी जांच भी की गई. एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, पटना में मौसम साफ होने के बाद, उड़ान लखनऊ से पटना के लिए रवाना हुई.
5 घंटे बाद पटना के लिए रवानगी
मिली जानकारी के अनुसार, फ्लाइट के पटना के लिए दोबारा उड़ान भरने का संभावित समय सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया था. लखनऊ हवाई अड्डे पर लगभग 5 घंटे रुकने के बाद, विमान सुबह 8:00 बजे पटना के लिए रवाना हुआ. खराब मौसम के कारण उड़ान के तय कार्यक्रम में बाधा आई, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा.
एयरलाइन ने यात्रियों को दी सलाह
इस बीच, एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि खराब मौसम की स्थिति में, एयरलाइन द्वारा जारी किए जाने वाले अपडेट और फ्लाइट स्टेटस नोटिफिकेशन पर नजर रखें. अगर उड़ान में कोई बदलाव होता है, तो आगे की यात्रा के बारे में जानकारी के लिए एयरलाइन से संपर्क करना उचित रहेगा. रिपोर्टों के अनुसार, विमान लखनऊ में सुरक्षित उतर गया था, और योजना यह थी कि मौसम ठीक होने पर बाकी की यात्रा पूरी की जाएगी.





