उत्तर प्रदेशभारत

छेड़छाड़ का केस वापस नहीं लिया, बरेली में पीड़िता के पति को मार दी गोली, FIR दर्ज

छेड़छाड़ का केस वापस नहीं लिया, बरेली में पीड़िता के पति को मार दी गोली, FIR दर्ज

घायल युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती

उत्तर प्रदेश के बरेली में छेड़छाड़ का मुकदमा वापस नहीं लेने पर एक महिला के पति को गोली मार दी. आरोप है कि गांव के दबंग ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. पुलिस ने घायल की पत्नी की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

दरअसल मामला बरेली के सीबीगंज थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाला युवक परसाखेड़ा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है. देर रात करीब 10 बजे वह गांव के एक व्यक्ति के बेटे के मंडप की दावत में शामिल होकर घर लौट रहा था. इसी दौरान दुर्गा माता मंदिर के पास उस पर हमला कर दिया गया. आरोप है कि गांव के ललित कुमार उर्फ ओमी ने तमंचे से युवक पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा.

मुकदमा वापस लेने का बनाया जा रहा था दबाव

घटना की वजह पुराना विवाद बताया जा रहा है. घायल युवक की पत्नी ने करीब एक साल पहले ललित कुमार के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था. आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी महिला पर केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था. महिला ने समझौता करने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था. आरोप हैइसी रंजिश में युवक को निशाना बनाया गया. हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और फायरिंग में शामिल लोगों की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

दुर्गा माता मंदिर के पास गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. युवक को घायल हालत में देखकर ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी. इसके बाद घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. गोली लगने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.घटना की जानकारी मिलने पर सीओ द्वितीय नितिन कुमार और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी जुटाई. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है.

छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

घायल युवक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने ललित कुमार उर्फ ओमी, रोहतास, महेंद्र पाल, मदनलाल, करन और विनोद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. इस मामले में पुलिस पुराने छेड़छाड़ के मुकदमे, समझौते के लिए कथित दबाव और देर रात हुई फायरिंग के बीच संबंध की जांच कर रही है. फिलहाल घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में जुटी है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button