उत्तर प्रदेशभारत

गोरखपुर में बच्चे की मौत पर बोले अखिलेश- परिवार की मदद करेगी सपा, CM न करें शोक का नाटक

गोरखपुर में बच्चे की मौत पर बोले अखिलेश- परिवार की मदद करेगी सपा, CM न करें शोक का नाटक

गोरखपुर में बुलडोजर से हुआ अखिलेश यादव का स्वागतImage Credit source: X/@samajwadiparty/PTI

गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर सपा और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला था. अब अखिलेश यादव ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने हादसे में बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. साथ ही BJP पर निशाना साधते हुए लखनऊ अग्निकांड में मृतक की मां के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाया.

अखिलेश यादव ने कहा, ‘किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं… हम अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं.’ उन्होंने आगे कहा, ‘इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी.. शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है.’

योगी ने सपा को बताया था गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर रोड शो में बच्चे की मौत को लेकर सपा पर हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और दंगों का पर्याय है. योगी ने आरोप लगाया कि रोड शो के दौरान हुई अराजकता में एक मासूम की जान चली गई. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को ढूंढकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह बच्चे के परिवार से मुलाकात करेंगे और दोषियों को ऐसी सजा दिलाई जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी. उन्होंने कहा था कि सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं.

रोड शो में बुलडोजर के इस्तेमाल पर भी लगाई थी रोक

गोरखपुर में रोड शो के दौरान स्वागत के लिए बुलडोजर के इस्तेमाल का मामला भी चर्चा में रहा. अखिलेश यादव ने अपने स्वागत में बुलडोजर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात कही थी. इसके बाद उन्होंने बच्चे की मौत पर संवेदना जताते हुए परिवार की मदद के लिए पार्टी नेताओं को निर्देश देने की जानकारी दी.

12 साल के बच्चे की कैसे हुई थी मौत?

गोरखपुर में 18 नवंबर को अखिलेश यादव ने करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था. इसी दौरान 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी. वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था. उसके पिता ओंकार सिंह स्थानीय BJP नेता बताए गए हैं. परिजनों का आरोप है कि जिस जेसीबी से रोड शो के दौरान फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई. पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले में पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.

सफी अहमद

सफी अहमद

सफी अहमद, राजधानी लखनऊ के वरिष्ठ पत्रकार हैं और करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. पत्रकारिता उनके लिए सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि एक जुनून है. इसी जुनून को जमीन पर उतारते हुए उन्होंने लखनऊ की जमीनी हकीकत से लेकर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों तक की खबरों को करीब से कवर किया है. सफी अहमद की खास पकड़ क्राइम रिपोर्टिंग पर रही है. अपराध की खबरों की तह तक जाना, घटनाओं के पीछे की कहानी सामने लाना और सबसे पहले सटीक जानकारी पाठकों और दर्शकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख पहचान रही है.

कई बड़ी और चर्चित घटनाओं की कवरेज में सफी अहमद की सक्रिय भूमिका रही है. 2020 के कानपुर बिकरू कांड, 2022 के अलाया होटल अग्निकांड और 2026 के अलीगंज अग्निकांड जैसी घटनाओं पर उन्होंने लगातार नजर बनाए रखी और घटनाक्रम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सबसे पहले साझा करने का प्रयास किया. ऐसी घटनाओं में 24 घंटे लगातार अपडेट रहने और खबर की तह तक पहुंचने का उनका अनुभव उनकी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण ताकत है.

सफी अहमद ने पत्रकारिता की शुरुआत एक साप्ताहिक पत्रिका और न्यूज पोर्टल के साथ की. इसके बाद उन्हें PPN न्यूज़, APN न्यूज़ और K न्यूज़ जैसे संस्थानों में काम करने का अवसर मिला. विभिन्न संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के अलग-अलग आयामों को करीब से समझा और अपनी पत्रकारिता को लगातार मजबूत किया. करीब चार वर्षों के अनुभव के बाद उन्हें TV9 भारतवर्ष के साथ काम करने का अवसर मिला. पिछले 6 वर्षों से TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़े हुए सफी अहमद लखनऊ से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ खबरों को जमीन से उठाकर दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button