मनोरंजन

‘लगे रहो मुन्ना भाई’ से हटाया गया था गांधीजी का एक सीन, राजकुमार हिरानी ने खोला राज

फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने इंडस्ट्री में एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं. उनकी ‘लगे रहो मुन्ना भाई’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’, ‘संजू’ और ‘डंकी’ जैसी फिल्मों को काफी पसंद किया गया. अब राजकुमार हिरानी ने बताया कि फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में एक सीन था, जिसे हटा दिया गय था.

राजकुमार हिरानी को ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द राइटर सीरीज’ में देखा गया. इसमें स्क्रीन राइटर अभिजात जोशी भी दिखे. बातचीत के दौरान राजकुमार हिरानी ने याद किया कि साल 2006 में आई फिल्म ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ के लिए अभिजात जोशी पहली बार लेखक के तौर पर कैसे जुड़े थे.

इस फिल्म में संजय दत्त और विद्या बालन मुख्य भूमिकाओं में थे. हिरानी ने बताया कि अभिजात द्वारा लिखा गया एक खास सीन उन्हें इतना पसंद आया था कि उन्होंने उन्हें फिल्म से जोड़ने का फैसला कर लिया था. हालांकि, बाद में वो सीन फिल्म में शामिल नहीं हो पाया.

उस सीन को याद करते हुए राजकुमार हिरानी ने बताया, ‘वो सीन फिल्म के फाइनल कट में नहीं आ पाया, लेकिन उसके पीछे का विचार फिल्म में बना रहा. ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ में वृद्धाश्रम के लोग लकी सिंह (बोमन ईरानी) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे होते हैं. अभिजात ने एक ऐसा सीन लिखा था, जिसमें सिक्योरिटी गार्ड्स उन बुजुर्गों पर हमला कर देते हैं और उनमें से एक बुजुर्ग को इतनी बुरी तरह चोट लगती है कि उसकी मौत हो जाती है.’

फिल्म से हटाया गया ये सीन

इस सीन के भावुक पल के बारे में आगे बताते हुए उन्होंने कहा, “अंतिम संस्कार के समय मुन्ना (संजय दत्त) और सर्किट (अरशद वारसी) इस बात से दुखी होते हैं कि एक आदमी की मौत हो गई. मुन्ना गुस्से में होता है और लकी को मारना चाहता है. तभी मुन्ना को भ्रम होता है कि बापू (दिलीप प्रभावलकर) कुछ दूरी पर खड़े हैं. वो बापू से कहता है कि वह लकी को मार देगाय इस पर बापू जवाब देते हैं, ‘तू मत मार. हिंसा किसी समस्या का हल नहीं है.’ अचानक तेज हवा चलती है, जिससे बापू की शॉल हवा में उड़ जाती है. तभी दर्शकों को बापू के सीने पर गोलियों के तीन निशान दिखाई देते हैं.

ये बताते हुए कि लंबे समय तक स्क्रिप्ट में रहने के बावजूद उन्होंने आखिरकार इस सीन को फिल्म से हटाने का फैसला क्यों किया. राजकुमार हिरानी ने आगे कहा, ‘इस पर मुन्ना कहता है, ‘आपको भी तो मार दिया.’ बापू जवाब देते हैं, ‘तीन गोली से मुझे मार तो दिया, लेकिन मेरे विचारों को नहीं मार पाए.’ ये सीन काफी लंबे समय तक स्क्रिप्ट का हिस्सा था. लेकिन मैं उस रास्ते पर नहीं जाना चाहता था, जहां वृद्धाश्रम के एक बुजुर्ग की मौत दिखाई जाए. इसलिए हमने इस सीन को हटा दिया, लेकिन उसका विचार फिल्म में बना रहा.’

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button