उत्तर प्रदेशभारत

आजम खान की बढ़ी मुश्किलें, ED को 4 दिन की रिमांड, 16 नवंबर तक होगी पूछताछ

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं. गाजियाबाद की विशेष PMLA कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को उनकी चार दिन की कस्टडी रिमांड दे दी है. आजम खान को कल लखनऊ लाया जाएगा. प्रवर्तन निदेशालय (ED)16 नवंबर की शाम तक उनसे पूछताछ करेगी. जांच एजेंसी 426.46 करोड़ रुपये के कथित वित्तीय घोटाले, सरकारी धन और संपत्तियों के कथित दुरुपयोग से जुड़े मामलों की पड़ताल कर रही है. कोर्ट ने मनी ट्रेल और संबंधित कंपनियों की भूमिका की जांच को रिमांड के लिए जरूरी माना है. हालांकि, अदालत ने पूछताछ के दौरान मेडिकल परीक्षण कराने और किसी भी तरह की प्रताड़ना नहीं करने के निर्देश भी दिए हैं.

हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा हुए आजम खान को प्रवर्तन निदेशालय ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तुरंत गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद 1 नवंबर को विशेष PMLA कोर्ट में पेशी हुई, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. तब से आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल में बंद हैं.

शिवपाल यादव ने आजम खान से की थी मुलाकात

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने बृहस्पतिवार को गाजियाबाद जिला कारागार पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की थी. मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला था और आजम खान का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था. वहीं दावा किया था कि आजम खान सपा में थे और रहेंगे.

ED का मनी लॉन्ड्रिंग मामला जौहर ट्रस्ट और रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं और जमीन के लेन-देन पर केंद्रित है. जांच एजेंसी ने इस मामले में कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

ED का दावा है कि निजी विश्वविद्यालय का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया गया. एजेंसी के मुताबिक, सरकारी फंड को कथित तौर पर दूसरे मदों में डायवर्ट कर उसका दुरुपयोग किया गया.

ED ने लगाए हैं कई आरोप

जांच एजेंसी के अनुसार, कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाली कंपनियों के मैनेजिंग डायरेक्टरों ने सरकारी ठेकों की करीब 30 फीसदी रकम आजम खान के निजी बैंक खातों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है.

ED का आरोप है कि राजनीतिक दबाव बनाकर लोगों से चंदा लिया गया. इसके अलावा, सरकारी धन से तैयार संपत्तियों, जिनमें OBC हॉस्टल भी शामिल है, को कथित तौर पर अवैध तरीके से जौहर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट के नाम हस्तांतरित किया गया. आजम खान की गिरफ्तारी के साथ ही ED ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित कुछ संपत्तियों को भी एजेंसी ने अटैच किया है.

ये भी पढ़ें- आजम खान सपा में थे और रहेंगे डासना जेल में शिवपाल यादव ने की मुलाकात, जान से मारने की कोशिश का लगाया आरोप

जितेन्द्र कुमार शर्मा

जितेन्द्र कुमार शर्मा

साल 2002 से क्राइम और इन्वेस्टिगेशन रिपोर्टिंग का अनुभव। नवभारत टाइम्स, अमर उजाला, शाह टाइम्स के अलावा टीवी मीडिया में BAG Films के नामी शो सनसनी और रेड अलर्ट में काम किया। उसके बाद न्यूज 24, इंडिया टीवी में सेवाए दी और टीवी 9 भारतवर्ष के साथ सफर जारी है।

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button