पहले प्रेमिका को मारी गोली, भीड़ ने घेरा तो खुद को उड़ाया… क्या थी अरुण-हनी के रिश्ते की कहानी?

घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करती पुलिस.
Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में बुधवार को एक खौफनाक वारदात से सनसनी फैल गई. मलपुरा थाना क्षेत्र की सफायर कॉलोनी में एक शादीशुदा युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मार दी. इसके बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो युवक ने उसी तमंचे से अपनी कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली. गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए सैनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है.
सड़क पर मिलने के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतक युवक की पहचान मलपुरा के इटौरा गांव निवासी अरुण कुमार सिनसिनवार (25) के रूप में हुई. बताया गया कि अरुण सैंया टोल प्लाजा पर नौकरी करता था. वह शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं. अरुण का हाथरस की रहने वाली हनी से प्रेम संबंध था. हनी आगरा में किराए का कमरा लेकर पढ़ाई कर रही थी. वह मुन्नीलाल कॉलेज में BSc की छात्रा है. उसके पिता भारतीय सेना में तैनात हैं. बुधवार को हनी अपनी एक सहेली के साथ अरुण से मिलने सफायर कॉलोनी पहुंची थी. दोपहर करीब 2 बजे दोनों की मुलाकात हुई. कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.
ये भी पढ़ें- 12 लाख का बीमा, जमीन और प्रेम प्रसंग पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, ऐसे हुआ खुलासा
बहस के बाद युवक ने निकाला तमंचा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क पर दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई. इसी दौरान अरुण ने अपनी कमर से तमंचा निकाल लिया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने हनी पर गोली चला दी. गोली लगते ही हनी सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. अचानक गोली चलने से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई. हनी के साथ आई उसकी सहेली भी डरकर वहां से भाग गई. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों को अपनी तरफ आता देखकर अरुण घबरा गया.
लोगों को आता देख खुद को मारी गोली
लोगों के पहुंचने के बाद अरुण को पकड़े जाने का डर सताने लगा. इसी दौरान उसने वही तमंचा अपनी कनपटी पर लगाया और गोली चला दी. गोली लगने के बाद अरुण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सड़क पर एक तरफ अरुण का शव पड़ा था, जबकि दूसरी तरफ गोली लगने से घायल हनी पड़ी थी. घटना की जानकारी मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
घायल छात्रा सैनिक अस्पताल में भर्ती
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायल छात्रा को तत्काल इलाज के लिए सैनिक अस्पताल भेजा. डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस ने अरुण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी और एडीसीपी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से तमंचे और फायरिंग से जुड़े जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.
हनी ने अरुण के खिलाफ दर्ज कराई थी FIR
जांच के दौरान पुलिस को दोनों से जुड़े पुराने विवाद के बारे में भी जानकारी मिली. डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के मुताबिक, कुछ समय पहले हनी ने अरुण के खिलाफ थाने में FIR दर्ज कराई थी. हालांकि बाद में कोर्ट में धारा 164 के तहत दर्ज बयान में हनी अपने आरोपों से मुकर गई थी. इसके बाद वह मुकदमा खत्म हो गया था. पुलिस अब इस पुराने मामले को भी मौजूदा घटना की जांच से जोड़कर देख रही है.
डेढ़-दो महीने पहले रिश्ता खत्म करने की बात
हनी ने करीब डेढ़ से दो महीने पहले अरुण से रिश्ता खत्म कर लिया था. उसने अरुण से संपर्क नहीं रखने की बात भी कही थी. इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क कैसे बना रहा और बुधवार को दोनों की मुलाकात किस वजह से हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है. हनी के भाई हरिओम के मुताबिक, बुधवार सुबह अचानक हनी का फोन आया था. वह बार-बार अरुण के बारे में पूछ रही थी. उस समय अरुण नाइट ड्यूटी करके घर लौटा ही था. इसके बाद उसे फोन करके कॉलोनी में बुलाया गया था. दोपहर में दोनों की मुलाकात हुई और कुछ देर बाद विवाद शुरू हो गया.
CCTV फुटेज से खुलेगा घटना का राज
पुलिस अब सफायर कॉलोनी और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अरुण और हनी कॉलोनी में कब पहुंचे थे और उनके साथ कौन-कौन मौजूद था. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोली चलाने से पहले दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था. पुराने FIR और कोर्ट में दर्ज बयान की भी जांच की जा रही है.





