उत्तर प्रदेशभारत

Tushar Tyagi Case Solved: 24 घंटे में सुलझ गया मेरठ का तुषार त्यागी हत्याकांड, पिता ही निकला कातिल… 10 लाख की सुपारी का क्या है राज?

Tushar Tyagi Case Solved: 24 घंटे में सुलझ गया मेरठ का तुषार त्यागी हत्याकांड, पिता ही निकला कातिल... 10 लाख की सुपारी का क्या है राज?

तुषार, आरोपी पिता और तुषार की पत्नी.

Meerut News: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाले तुषार त्यागी हत्याकांड का मेरठ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज मामले में मृतक के पिता सुंदर त्यागी को ही हत्या का मुख्य आरोपी पाया है. पुलिस ने सुंदर त्यागी और उसके साथी अमित उर्फ वेदवान को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में सुंदर त्यागी ने अपने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार की है. इसमें अरविंद त्यागी उर्फ बिट्टू की कोई भूमिका पर जांच जारी है.

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 12 बजे डायल-112 पर सूचना मिली थी कि खरखौदा थाना क्षेत्र के पांची अंडरपास के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी में युवक को गोली मार दी गई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी के अंदर तुषार त्यागी का शव बरामद किया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.

मृतक की पत्नी शिखा की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मेरठ के निर्देश पर थाना खरखौदा पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण समेत तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था, इन टीमों ने महज 24 घंटे के अंदर ही घटना का खुलासा कर दिया है. शुरुआत से ही पुलिस को पिता सुंदर त्यागी पर शक था.

CCTV और सर्विलांस से खुला राज

पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से घटना की कड़ियां जोड़नी शुरू की. जांच में पता चला कि घटना वाले दिन मुख्य आरोपी सुंदर त्यागी देहरादून से कंकरखेड़ा पहुंचा था. वहां से वह अपने साथी अमित उर्फ वेदवान के साथ दोयमी-कैली क्षेत्र गया. जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि अमित ने कैली धीरखेड़ा स्थित ठेके से बीयर कैन खरीदी थी. सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने ये भी पाया कि मृतक तुषार त्यागी की स्कॉर्पियो और आरोपियों की थार गाड़ी एक साथ जाती दिखाई दी. इसके बाद पुलिस का शक सुंदर त्यागी पर गहरा गया.

ये भी पढ़ें: तुषार त्यागी मर्डर केस: पति को गोली मार दी है पत्नी को कॉल कर बताया, मेरठ में कार के अंदर मिली लाश

पिता ने ही मारी बेटे को गोली

पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय सुंदर त्यागी अपने बेटे तुषार की स्कॉर्पियो में मौजूद था. इसी दौरान उसने तुषार को गोली मार दी. हत्या के बाद आरोपी शव को स्कॉर्पियो में छोड़कर पांची अंडरपास के पास फरार हो गए. पुलिस पूछताछ में सुंदर त्यागी ने बताया कि उसे शक था कि उसका बेटा तुषार उसकी हत्या कराने के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दे चुका है. इसके अलावा वह परिजनों के साथ मारपीट भी करता था. इसी आशंका और पारिवारिक विवाद के चलते उसने अपने बेटे की हत्या की साजिश रची और साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया.

पूर्व हिस्ट्रीशीटर है आरोपी पिता

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी सुंदर त्यागी थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव दोयमी का निवासी है और वह पूर्व हिस्ट्रीशीटर भी रह चुका है. उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने उसके साथी अमित उर्फ वेदवान को भी गिरफ्तार किया है.

एक आरोपी अभी फरार

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर इस हत्याकांड का सफल अनावरण कर लिया गया है.

अनमोल शर्मा

अनमोल शर्मा

मैं अनमोल शर्मा पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं और ग्राउंड रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखता हूं. वर्ष 2019 से TV9 समूह से जुड़कर ब्रेकिंग और एक्सक्लूसिव खबरों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा हूं. राजनीति, क्राइम, जन आंदोलन, महामारी और संवेदनशील मुद्दों की निष्पक्ष व तथ्यपरक रिपोर्टिंग मेरी पहचान रही है. डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए लगातार ट्रेंडिंग खबरें उपलब्ध कराकर चैनल की ऑनलाइन व्यूअरशिप बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. मेहनत, निर्भीकता और निष्पक्षता के बल पर दर्शकों के बीच एक भरोसेमंद पत्रकार के रूप में पहचान बनाई है. मेरठ की कर्मभूमि है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button