3 बहनों का इकलौता सहारा छिना, भैया दूज पर भाई की पीट-पीटकर हत्या; बहन के ससुराल वालों पर आरोप


भैया दूज पर बहन से मिलने आया था भाई.
Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली में भैया दूज के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां अपनी बहन से मिलने उसके ससुराल पहुंचे एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि बहन के ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की. परिजनों का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने उसे निर्वस्त्र कर पीटा. घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.
दोपहर 12 बजे बहन के घर पहुंचा था युवक
पूरा मामला आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के कस्बा बनत का है. मुजफ्फरनगर जिले के कमल नगर निवासी अंकुश पाल भैया दूज के अवसर पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी बहन से मिलने उसके ससुराल पहुंचा था. आरोप है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. इसके बाद बहन के पति, ससुर, देवर और उनके कुछ दोस्तों ने अंकुश के साथ मारपीट शुरू कर दी. परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटा. गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई.
ये भी पढ़ें- Baghpat News: राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात जवान को मारी थी गोली, अब दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम
3 बहनों का इकलौता भाई था अंकुश
अंकुश अपने परिवार में तीन बहनों का इकलौता भाई था. उसने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों नौकरी पाने के लिए तैयारी कर रहा था. परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन भैया दूज के दिन हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं. जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, आरोपी फरार
घटना की जानकारी मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा कि घटना में नामजद आरोपी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
(रिपोर्ट- श्रवण पंडित/शामली)





