Central Air Conditioning : Central AC हर घर के लिए नहीं है सही, खरीदने से पहले समझें नुकसान


सेंट्रल AC की सबसे बड़ी चुनौती इसकी शुरुआती लागत है. सामान्य AC को खिड़की या किसी तय जगह पर लगाकर यूज किया जा सकता है, लेकिन सेंट्रल AC के लिए पूरे घर में डक्ट यानी हवा पहुंचाने वाली पाइपों का नेटवर्क तैयार करना पड़ता है. इसके लिए घर की दीवारों और दूसरे हिस्सों में बदलाव करने की जरूरत भी पड़ सकती है. सिस्टम की कीमत घर के साइज, बिल्डिंग की उम्र, लोकेशन और डक्टवर्क की स्थिति पर निर्भर करती है. ऐसे में इसकी इंस्टॉलेशन पर हजारों रुपये खर्च हो सकते हैं. साथ ही पूरा काम होने में काफी समय भी लगता है.

पूरे घर को ठंडा रखने की सुविधा के साथ बिजली की खपत भी बढ़ जाती है. विंडो AC या मिनी स्प्लिट सिस्टम आमतौर पर किसी एक कमरे या सीमित जगह को ठंडा करते हैं, जबकि सेंट्रल AC को पूरे घर में ठंडी हवा पहुंचानी होती है. इसके लिए ज्यादा बिजली की जरूरत पड़ती है. लगातार पूरे सीजन इसका यूज करने पर बिजली का बिल भी बढ़ सकता है, हालांकि जरूरत के हिसाब से AC चलाना और स्मार्ट थर्मोस्टेट की मदद से तापमान सेट करना खर्च को कुछ हद तक कम कर सकता है.

अलग-अलग कमरों में अलग AC होने का फायदा यह है कि जिस कमरे में कोई मौजूद नहीं है, वहां का AC बंद किया जा सकता है. लेकिन सामान्य सेंट्रल AC में पूरे घर में ठंडी हवा पहुंचती है. ऐसे में खाली कमरों को ठंडा करने में भी बिजली खर्च होती रहती है. इससे बचने के लिए जोनिंग सिस्टम वाला सेंट्रल AC ऑप्शन मौजूद है. इसमें घर के अलग-अलग हिस्सों में हवा का फ्लो कंट्रोल किया जा सकता है, हालांकि इसके लिए अतिरिक्त इंस्टॉलेशन और खर्च की जरूरत होती है.

सेंट्रल AC में सिर्फ मुख्य यूनिट का ध्यान रखना काफी नहीं होता है. इसके साथ लगे डक्ट, एयर फिल्टर और दूसरे कूलिंग पार्ट्स की भी नियमित देखभाल जरूरी है. फिल्टर बदलना, डक्ट की सफाई करना और इवेपोरेटर कॉइल की स्थिति जांचना इसके मेंटेनेंस का हिस्सा है. अगर डक्ट में लीकेज या कोई खराबी हो और समय पर उसे ठीक न किया जाए तो सिस्टम की कूलिंग क्षमता प्रभावित हो सकती है. कुछ कामों के लिए प्रोफेशनल की मदद भी लेनी पड़ती है, जिससे मेंटेनेंस का खर्च बढ़ता है.

सेंट्रल AC की सफाई में लापरवाही करने पर घर के अंदर की हवा की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है. अगर इसके वेंट और फिल्टर समय पर साफ नहीं किए जाते तो धूल, कण और पालतू जानवरों के बाल हवा के साथ पूरे घर में फैल सकते हैं. इसके अलावा AC से निकलने वाली ठंडी हवा काफी ड्राई हो सकती है. लंबे समय तक इसका ज्यादा यूज करने से सांस से जुड़ी परेशानी या जलन महसूस हो सकती है.

सेंट्रल AC पूरे घर को ठंडा रखने का अच्छा ऑप्शन हो सकता है, लेकिन इसकी कीमत सिर्फ खरीदारी तक सीमित नहीं रहती है. इंस्टॉलेशन, बिजली का बिल, डक्ट की देखभाल और हवा की क्वालिटी जैसी चीजों पर भी ध्यान देना जरूरी है. ऐसे में इसे खरीदने से पहले अपनी जरूरत और इससे जुड़े लंबे समय के खर्च को समझना बेहतर है.
Published at : 08 Nov 2026 09:45 AM (IST)



