उत्तर प्रदेशभारत

पीतल के सिक्के सोना बनाने के लिए दृष्टिहीन की हत्या की, कुएं में धड़ और नदी में बहाया सिर; ऐसे रची मौत की साजिश

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में कुएं से मिली सिर कटी लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस शव को मुख्य आरोपी विनोद शर्मा का बताकर उसकी पत्नी ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था, वह विनोद का नहीं, बल्कि एक दृष्टिहीन व्यक्ति राजपाल का था. पुलिस जांच में सामने आया कि विनोद उर्फ बाबा ने गिरफ्तारी से बचने और अपने विरोधियों को हत्या के झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए अपनी मौत का फर्जी नाटक रचा था. इस साजिश को अंजाम देने के लिए उसने अपने दो साथियों विकास और ओमपाल को भी शामिल किया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने राजपाल की हत्या करने के बाद उसका सिर धड़ से अलग कर दिया. धड़ को कुएं में फेंक दिया, जबकि सिर को रामगंगा नदी के अटेना घाट पर बहा दिया. इस पूरी वारदात के पीछे अंधविश्वास का ऐसा जाल बुना गया था, जिसमें आरोपियों को पीतल के सिक्के सोने में बदलने का लालच दिया गया था. पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

पीतल के सिक्के सोना बनाने का दिया लालच

पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा तंत्र-मंत्र का काम करता था. उसने अपने साथी विकास और ओमपाल को बताया कि अगर किसी दृष्टिहीन व्यक्ति की कुएं के पास बलि दी जाए तो पीतल के सिक्के सोने में बदल सकते हैं. इसी अंधविश्वासी लालच में दोनों आरोपी उसकी साजिश में शामिल हो गए.

ये भी पढ़ें- मानव बम बनने की तैयारी में था उज्जैद! कश्मीर से मिला इनपुट, मेरठ में पकड़ा गया शहजाद भट्ठी गैंग का आतंकी

इसके बाद तीनों ने निगोही थाना क्षेत्र के ऐंठापुर गांव निवासी दृष्टिहीन राजपाल को निशाना बनाया. आरोप है कि तीनों राजपाल को अपने साथ ले गए और उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. धड़ को कुएं में डाल दिया गया, जबकि सिर को रामगंगा नदी के अटेना घाट पर बहा दिया गया.

कुएं में मिली सिर कटी लाश, पत्नी ने बताया अपना पति

इस पूरे मामले की शुरुआत 17 नवंबर को हुई थी. कलान थाना क्षेत्र के सिउड़ी गांव के रहने वाले राकेश ने पुलिस को सूचना दी थी कि फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में अनोखेलाल के खेत में बने कुएं में एक व्यक्ति की सिर कटी लाश पड़ी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया.

इस दौरान विनोद कुमार शर्मा की पत्नी पूजा भी मौके पर पहुंची. उसने शव की पहचान अपने पति विनोद के रूप में कर दी. घटनास्थल से पुलिस को विनोद के नाम का आधार कार्ड भी मिला था. इसके बाद पत्नी ने विनोद के विरोधियों पर हत्या का आरोप लगाया और नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया.

इस तरह पुलिस के सामने एक ऐसा मामला आया, जिसमें एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका था. वहीं, जिस व्यक्ति की हत्या बताई जा रही थी, वह असल में जिंदा था और खुद को मृत दिखाकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था.

पुलिस को हुआ शक, जांच में खुल गई पूरी साजिश

शुरुआत में शव की पहचान विनोद के रूप में की गई थी, लेकिन जांच के दौरान पुलिस को कई बातों पर संदेह हुआ. शव के हुलिये और विनोद की वास्तविक पहचान को लेकर पुलिस को शक था. इसके बाद कलान पुलिस और सर्विलांस टीम ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. पुलिस ने विनोद के परिवार और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की. तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों को जोड़ने पर पता चला कि कुएं में मिला शव विनोद का नहीं, बल्कि दृष्टिहीन राजपाल का था. इसके बाद पुलिस ने पूरे हत्याकांड की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं और मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा तक पहुंच गई.

खुद को मरा दिखाना चाहता था विनोद

पुलिस के मुताबिक, विनोद उर्फ बाबा के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज थे और उसके खिलाफ वारंट भी जारी था. उसे गिरफ्तारी का डर था. इसी से बचने के लिए उसने अपनी मौत की झूठी कहानी तैयार की. उसकी योजना थी कि किसी दूसरे व्यक्ति की हत्या कराकर उसकी पहचान अपने रूप में कराई जाए, ताकि पुलिस और कानून की नजर में वह मृत साबित हो जाए.

इतना ही नहीं, इस साजिश के जरिए वह अपने विरोधियों राजेश समेत नौ लोगों को हत्या के मामले में फंसाना चाहता था. इसके लिए शव के पास विनोद के नाम का आधार कार्ड भी मिला और उसकी पत्नी ने भी शव की पहचान विनोद के रूप में कर दी. हालांकि पुलिस की जांच ने उसकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया.

15 पीतल के सिक्के और हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 15 पीतल के सिक्के बरामद किए हैं. इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल गड़ासा, ईंट और अन्य सामान भी बरामद किया गया है. पुलिस का कहना है कि इन्हीं बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.

मुख्य आरोपी समेत तीन गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भामरे दीक्षा अरुण ने बताया कि सर्विलांस टीम और कलान पुलिस की संयुक्त जांच में सिर कटी लाश के मामले का खुलासा किया गया है. इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद उर्फ बाबा के साथ विकास और ओमपाल को गिरफ्तार किया गया है. तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है.

अरविंद त्रिपाठी, शाहजहांपुर

अरविंद त्रिपाठी, शाहजहांपुर

अरविन्द त्रिपाठी ने पत्रकारिता की शुरुआत वॉयस ऑफ लखनऊ राष्ट्रीय हिंदी दैनिक समाचार पत्र एवं स्वतन्त्र प्रभात हिन्दी दैनिक समाचार पत्र में बतौर जिला ब्यूरो प्रभारी शाहजहांपुर के रूप में की. राजनीति क्राइम और कंटेंट क्रिएटर के रूप में लंबा अनुभव होने के चलते लगभग सात वर्ष पहले TV9 भारतवर्ष नेशनल न्यूज़ चैनल में कार्य प्रारंभ किया. ग्रेजुएशन के बाद युरेका फोरब्स में टीम लीडर के तौर पर अपनी सेवाएं देने के बाद, पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने कदम रखा. तब से शाहजहांपुर जिले में बतौर स्ट्रिंगर अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button