उत्तर प्रदेशभारत

सलीम की हुई रिमझिम… इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश, जानें पुलिस को क्या दिए निर्देश

सलीम की हुई रिमझिम… इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश, जानें पुलिस को क्या दिए निर्देश

इलाहाबाद हाई कोर्ट का आदेश Image Credit source: TV9

उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक बालिग युवती के अपने पसंद के व्यक्ति के साथ रहने और विवाह करने के फैसले को लेकर अहम आदेश दिया है. कोर्ट ने कहा कि बालिग व्यक्ति को अपने जीवनसाथी का चुनाव करने और अपनी पसंद की जगह पर रहने का मौलिक अधिकार है. कोर्ट ने युवती को उसकी पसंद के व्यक्ति के साथ रहने की स्वतंत्रता देते हुए दोनों को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

यह मामला हैबियस कॉर्पस याचिका संख्या 1418/2026 से जुड़ा है, जिसकी सुनवाई न्यायमूर्ति संदीप जैन की कोर्ट में हुई. मामले में मोहम्मद सलीम ने याचिका दाखिल कर रिमझिम साहू को कोर्ट के सामने पेश करने और उसके साथ रहने की अनुमति देने की मांग की थी. याचिका में बताया गया कि दोनों साथ ही रह रहे थे और पुलिस सुरक्षा के लिए पहले भी हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.

पुलिस ने युवती को हाई कोर्ट में किया पेश

23 सितंबर को कोर्ट ने रिमझिम साहू को पेश करने का निर्देश दिया था. 30 सितंबर को पुलिस ने युवती को हाई कोर्ट के सामने पेश किया. कोर्ट ने उससे और याचिकाकर्ता मोहम्मद सलीम से अलग-अलग बातचीत की. युवती ने बताया कि उसकी उम्र 19 वर्ष है और वह बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है. उसने कोर्ट को बताया कि वह मोहम्मद सलीम के साथ रिश्ते में है और भविष्य में उससे शादी करना चाहती है. उसने यह भी कहा कि वह अब अपने माता-पिता के घर के बजाय याचिकाकर्ता के साथ रहना चाहती है.

अनुच्छेद 21 के तहत जीवनसाथी चुनने का अधिकार

कोर्ट ने युवती के माता-पिता से भी बातचीत की. आदेश के मुताबिक, माता-पिता अपनी बेटी के विवाह के फैसले से असंतुष्ट थे, लेकिन उन्होंने यह स्वीकार किया कि युवती बालिग हो चुकी है. इसके बाद हाईकोर्ट ने कहा कि बालिग होने के कारण रिमझिम साहू को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत अपने जीवनसाथी का चुनाव करने का मौलिक अधिकार प्राप्त है.

पुलिस सुरक्षा के निर्देश

कोर्ट ने उसे अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ और अपनी पसंद की जगह पर रहने की स्वतंत्रता दे दी. साथ ही राज्य के अधिकारियों को दोनों को आवश्यक पुलिस सुरक्षा देने और उन्हें उनकी पसंद के स्थान तक सुरक्षित पहुंचाने का निर्देश दिया.

दो बालिग इच्छा से साथ रहने के लिए स्वतंत्र

गौरतलब है कि इसी मामले से जुड़े पहले आदेश में हाई कोर्ट ने कहा था कि यदि दो बालिग लोग अपनी स्वतंत्र इच्छा से साथ रह रहे हैं, तो उनके साथ रहने में किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है. कोर्ट ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर दोनों को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था.

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा

मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से ‘बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7’, चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button