उत्तर प्रदेशभारत

वृंदावन में दूसरी जगह 50 एकड़ में बने बांके बिहारी मंदिर… समिति की बैठक में गरमाया मुद्दा, सेवायतों ने की मांग

वृंदावन में दूसरी जगह 50 एकड़ में बने बांके बिहारी मंदिर… समिति की बैठक में गरमाया मुद्दा, सेवायतों ने की मांग

बैठक में 50 एकड़ जमीन पर नए भव्य मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव

वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर भीड़ प्रबंधन को लेकर एक बार फिर नए मंदिर के निर्माण की मांग उठी है. मंगलवार को शहीद लक्ष्मण स्मारक भवन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति की 22वीं बैठक आयोजित हुई. बैठक में सेवायत सदस्यों ने करीब 50 एकड़ भूमि पर नए मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने की मांग की.

सेवायतों का कहना है कि नए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाओं के साथ गलियारा भी बनाया जाए. साथ ही आसपास के प्राचीन मंदिरों और वृंदावन की ऐतिहासिक कुंज गलियों का अस्तित्व भी सुरक्षित रखा जाए, ताकि पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक विरासत प्रभावित न हो.

समिति अध्यक्ष अशोक कुमार ने नए मंदिर की मांग को समिति के कार्यक्षेत्र से बाहर का विषय बताया. इस पर सेवायतों ने सवाल उठाया कि यदि नए मंदिर का निर्माण समिति के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, तो गलियारा निर्माण से प्रभावित लोगों को फ्लैट आवंटन और भूमि अधिग्रहण के मामलों में समिति किस आधार पर कार्रवाई कर रही है.

मंदिर कोष के ब्याज पर चर्चा

बैठक में मंदिर की आयकर देनदारी से संबंधित प्रस्ताव पर भी मंथन हुआ. मंदिर के सीए कुलदीप अरोड़ा ने बताया कि ठाकुरजी के नाम जमा धनराशि पर प्रतिवर्ष करीब 27 करोड़ रुपये ब्याज प्राप्त होता है. उन्होंने सुझाव दिया कि इस ब्याज की 30 प्रतिशत राशि मंदिर और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर खर्च की जानी चाहिए थी.

खबर के अनुसार, पिछले चार वर्षों में ऐसा नहीं हुआ. अब टैक्स बचाने के लिए 31 मार्च 2027 तक ठाकुरजी से संबंधित कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर आठ करोड़ रुपये खर्च करने की बात सामने आई. शेष राशि को 2030 तक खर्च करने का भी उल्लेख किया गया.

विहार पंचमी पर आठ लाख रुपये होंगे खर्च

ठाकुर बांके बिहारी जी के प्राकट्योत्सव विहार पंचमी को भव्य रूप से मनाने के लिए मंदिर कोष से आठ लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया गया. आयोजन की तैयारियों के लिए चार सेवायत सदस्यों की समिति गठित की गई है.

राधाकुंड मंदिर के ठेके की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक

बैठक में बताया गया कि राधाकुंड स्थित बिहारीजी मंदिर का वर्तमान ठेका 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है. इसके मद्देनजर 10 दिसंबर तक नई ठेका प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय लिया गया. वहीं, गोस्वामी सदस्यों की ओर से 7 सितंबर को दिए गए मांग पत्र पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी.

सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने उठाए सवाल

बैठक में सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने मंदिर के सुरक्षा गार्डों पर महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायतों, मंदिर के आसपास गंदगी और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला. नए मंदिर की मांग और समिति के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए.

कान्हा अग्रवाल, मथुरा

कान्हा अग्रवाल, मथुरा

पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता कर रहा हूं, इस दौरान कई संस्थानों के साथ मिलकर कार्य किया है. फिलहाल TV9 भारतवर्ष के साथ जुड़ा हुआ हूं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button