उत्तर प्रदेशभारत

मुस्लिम तुष्टीकरण में सपा से आगे निकली कांग्रेस… इमरान मसूद की ताजपोशी पर BJP का तंज

मुस्लिम तुष्टीकरण में सपा से आगे निकली कांग्रेस… इमरान मसूद की ताजपोशी पर BJP का तंज

राकेश त्रिपाठी और इमरान मसूद.

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले शुक्रवार को अपने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा मोना को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया. साथ ही, सहारनपुर से लोकसभा सदस्य इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. वहीं बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने इमरान मसूद के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर तंज किया.

राकेश त्रिपाठी ने कहा कि मुस्लिम वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण में कांग्रेस सपा से आगे निकल गई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान के इशारे पर सपा के खिलाफ बोलने का इमरान मसूद को इनाम मिला है. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सपा के लिए गठबंधन में चुनौतियां बढ़ गई हैं. संभव है, गठबंधन में अब कांग्रेस को ज्यादा सीटें मिल जाएं.

यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव

कांग्रेस ने संगठन में इस बदलाव के माध्यम से अपने पुराने सामाजिक समीकरण को फिर से खड़ा करने का प्रयास किया है. पार्टी ने ब्राह्मण समुदाय की आराधना मिश्रा को अध्यक्ष और मुस्लिम समुदाय के मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राजेन्द्र पाल गौतम पहले ही प्रदेश प्रभारी की भूमिका निभा रहे हैं.

कुछ दशक पहले तक उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों में ब्राह्मण, दलित और मुस्लिम समुदाय को कांग्रेस का कोर वोटबैंक माना जाता था, हालांकि मंडल की राजनीति और बीजेपी के उभार के बाद कांग्रेस का यह समीकरण बिखर गया.

अजय राय के योगदान की सराहना

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश इकाई के संगठन में अन्य बदलाव करते हुए देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है. इसके अलावा वीरेंद्र चौधरी को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है. पार्टी ने अब तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय राय के योगदान की भी सराहना की है.

कौन हैं आराधना मिश्रा?

आराधना मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी की बेटी हैं. रामपुर खास कांग्रेस का लंबे समय से मजबूत आधार रहा है और आराधना मिश्रा इस सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं. विधानसभा की राजनीति में लंबे अनुभव के साथ आराधना मिश्रा कांग्रेस विधायक दल के नेता की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं.

अब प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर उनके सामने फिलहाल मुख्य चुनौती पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों से जोड़ने और समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे में सम्मानजनक समझौता करने की होगी.

उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा

कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए इमरान मसूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं. वह 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर से कांग्रेस के टिकट पर सांसद निर्वाचित हुए. इससे पहले वह विधायक और सहारनपुर नगर पालिका के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. मसूद का राजनीतिक आधार मुख्य रूप से सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रहा है. वह कांग्रेस में राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष जैसी जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं.

कांग्रेस ने वीरेंद्र चौधरी को प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है. वह महराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा सीट से विधायक हैं. विधायक दल के नेता के तौर पर उनकी जिम्मेदारी विधानसभा में कांग्रेस विधायकों का नेतृत्व करने और सदन में पार्टी का पक्ष रखने की होगी. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में संभावित है.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button