उत्तर प्रदेशभारत

सैल्यूट इंस्पेक्टर ‘फेंग’… बरेली का साइको किलर केस सुलझाने वाला डॉग अब नहीं रहा, 9 महिलाओं का हुआ था मर्डर

सैल्यूट इंस्पेक्टर 'फेंग'... बरेली का साइको किलर केस सुलझाने वाला डॉग अब नहीं रहा, 9 महिलाओं का हुआ था मर्डर

डॉग इंस्पेक्टर फेंग को पूरे सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई.

Bareilly News: बरेली में पुलिस विभाग के लिए बेहद भावुक पल देखने को मिला. बरेली पुलिस के फेवरेट डॉग इंस्पेक्टर ‘फेंग’ को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, डॉग स्क्वॉड टीम और पुलिसकर्मियों ने फेंग को अंतिम सलामी देकर श्रद्धांजलि दी. माहौल इतना भावुक था कि वहां मौजूद कई पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं.

8 साल तक निभाई अहम जिम्मेदारी

डॉग इंस्पेक्टर फेंग ने करीब 8 साल तक बरेली पुलिस के लिए सेवा दी. अपने तेज सूंघने की क्षमता और शानदार ट्रेनिंग की वजह से फेंग ने कई बड़े और संवेदनशील मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभाई. बरेली में हुए कई चर्चित अपराधों में फेंग की मदद से पुलिस अपराधियों तक पहुंच सकी. चर्चित साइको किलर कुलदीप गंगवार केस में भी डॉग इंस्पेक्टर फेंग की भूमिका बेहद अहम रही थी. कुलदीप गंगवार पर 9 महिलाओं की हत्या का आरोप है और वह इस समय बरेली जिला जेल में बंद है.

पुलिस जांच के दौरान फेंग ने घटनास्थलों से अहम सुराग तलाशे थे, जिसकी मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी. बताया जाता है कि कुलदीप गंगवार ने एक साल में 9 महिलाओं की हत्या की थी, फिर पुलिस को चकमा देता रहा. पुलिस की जांच और डॉग स्क्वॉड की मदद से इस सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ था. इस केस के बाद फेंग की पहचान पूरे बरेली में एक बहादुर और तेजतर्रार पुलिस डॉग के रूप में होने लगी थी.

हत्या और चोरी के मामलों में ढूंढे अहम सुराग

यही नहीं बरेली पुलिस के डॉग स्क्वॉड में शामिल फेंग अपराध स्थल पर पहुंचकर सुराग ढूंढने में माहिर था. हत्या, चोरी, रेप और अन्य गंभीर अपराधों में फेंग ने कई बार ऐसे सुराग तलाशे, जिनकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची. SSP अनुराग आर्य का कहना है कि फेंग सिर्फ एक डॉग नहीं था, बल्कि पूरी टीम का भरोसेमंद साथी था.

हैंडलर अमित कुमार हुए भावुक

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने फेंग के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किए और पूरे सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी. इस दौरान डॉग स्क्वॉड के हैंडलर अमित कुमार भी भावुक नजर आए. उन्होंने बताया कि फेंग ने हमेशा पूरी ईमानदारी और लगन से अपनी ड्यूटी निभाई. कई कठिन मामलों में उसने पुलिस को बड़ी सफलता दिलाई.

SSP बोले- फेंग की सेवाएं कभी नहीं भुलाई जाएंगी

SSP अनुराग आर्य ने बताया कि फेंग ने बरेली पुलिस के लिए जो सेवा दी है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि डॉग स्क्वॉड पुलिस की जांच का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा होता है और फेंग ने अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया. SSP ने कहा कि कई अहम मामलों में फेंग की भूमिका सराहनीय रही और उसकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.

पुलिस विभाग ने बहादुर साथी को किया याद

बरेली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, फेंग की वजह से कई अपराधियों को जेल तक पहुंचाया गया. उसकी सूझबूझ और ट्रेनिंग ने पुलिस को कई मामलों में बड़ी कामयाबी दिलाई. यही वजह रही कि पुलिस विभाग में फेंग को खास पहचान मिली हुई थी.

फेंग की अंतिम विदाई के दौरान पुलिस लाइन में मौजूद हर व्यक्ति उसे याद कर भावुक दिखाई दिया. पुलिस विभाग ने अपने इस बहादुर साथी को पूरे सम्मान के साथ आखिरी सलामी दी और उसकी सेवाओं को याद किया. बरेली पुलिस के लिए फेंग हमेशा एक बहादुर और वफादार साथी के रूप में याद किया जाएगा.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button