उत्तर प्रदेशभारत

समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, इमरान मसूद के गढ़ सहारनपुर से आशु मलिक को टिकट

यूपी चुनाव: समाजवादी पार्टी ने 5 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, इमरान मसूद के गढ़ सहारनपुर से आशु मलिक को टिकट

अखिलेश यादवImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें पांच नामों की घोषणा की गई है. इस पहली सूची में, सहारनपुर, जो इमरान मसूद का गढ़ माना जाता है, वहां से आशु मलिक को टिकट दिया गया है. जिन पांच लोगों को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है, इनमें से चार मौजूदा समाजवादी पार्टी विधायक हैं, जिन्हें एक बार फिर मैदान में उतारा गया है. इसके अलावा, ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है, जो एक नया चेहरा हैं.

दरअसल, कांग्रेस पार्टी इन सीटों की मांग कर रही थी. खासकर इमरान मसूद ने सहारनपुर में दो सीटें हासिल करने के लिए अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगा दी थी. हालांकि, समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा क्षेत्र से उमर अली खान और सहारनपुर विधानसभा क्षेत्र से आशु मलिक को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. इसे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. असल में, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को एक स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सहारनपुर में सीटों को लेकर कोई समझौता नहीं होगा.

इसके अलावा शामली की कैराना विधानसभा क्षेत्र नाहिद हसन, अमरोहा विधानसभा क्षेत्र से महबूब अली और ललितपुर विधानसभा से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है. बुंदेलखंड क्षेत्र के ललितपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से ज्योति लोधी को टिकट देकर, पार्टी ने अपने सामाजिक समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश की है.

Whatsapp Image 2026 11 24 At 10.04.20 Pm

इमरान मसूद की सहारनपुर की राजनीति में मजबूत पकड़

दरअसल, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहारनपुर की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं. कांग्रेस की तरफ से उन्हें सीट बंटवारे की बातचीत में भी शामिल किया गया है. इमरान मसूद सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की दावेदारी कर रहे हैं. ऐसे में इन दोनों सीटों पर सपा के उम्मीदवारों का ऐलान होने से सीट शेयरिंग को लेकर पेंच फंस सकता है.

इमरान मसूद हर हाल में अपने लोगों को लड़ाएंगे चुनाव

इमरान मसूद हर हाल में इन दोनों सीटों से अपने लोगों को चुनाव लड़ाएंगे. इन दोनों सीटों पर इमरान पूर्व में भी कह चुके है कि गठबंधन की सूरत क्या होगी लेकिन सहारनपुर की 5 विधानसभा सीटों पर कोई कांप्रोमाइज नहीं होगा, उनके लोग ही चुनाव लड़ेंगे. देहात से इमरान मसूद ( सपा MLC) शाहनवाज खान को चुनाव लड़ाने की बात कह चुके है. वो कई मंचों से बोल चुके है कि शाहनवाज हर हाल में चुनाव लड़ेगा.

पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने का संकेत

राजनीतिक जानकारों का मानना ​​है कि इन पांच उम्मीदवारों के जरिए, समाजवादी पार्टी ने न केवल अपने पारंपरिक वोट बैंक को मजबूत करने का संकेत दिया है, बल्कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में भी नया उत्साह भरा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इन उम्मीदवारों को जनता का कितना समर्थन मिलता है.

सांप्रदायिक भाजपा को हराने का ऐतिहासिक मौका

पांच सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा से पहले, अखिलेश यादव ने ‘X’ पर एक बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि यह हमारे दोनों धर्मनिरपेक्ष (सेक्युलर) दलों के लिए एक साथ आने का ऐतिहासिक मौका है, ताकि सांप्रदायिक भाजपा और उसके संकीर्ण सोच वाले सहयोगियों को हमेशा के लिए हराया जा सके, और देश को गलत हाथों में जाने और बर्बाद होने से बचाया जा सके.

उन्होंने आगे कहा कि हमारा प्रस्ताव है कि जनता की उम्मीदों और जमीनी हकीकतों को ध्यान में रखते हुए, हम गंभीरता से विचार-विमर्श करें ताकि ज्यादातर सीटों पर हमारे ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो सके. हम जितनी सीटों पर चुनाव लड़ें, उनमें से जीतने वाली सीटों की संख्या हारने वाली सीटों से ज्यादा होनी चाहिए. आखिरकार, जीत ही सीट-बंटवारे के समझौते को सम्मानजनक बनाएगी, क्योंकि जीती हुई सीटों का ही सम्मान होता है.

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी

पंकज चतुर्वेदी को पत्रकारतिा के क्षेत्र में एक दशक से ज्यादा का अनुभव है. देश और उत्तरप्रदेश की राजनीति को कवर करते आ रहे हैं. दिल्ली में अमर उजाला और पंजाब केसरी से पत्रकारिता की यात्रा की शुरुआत हुई.  दिल्ली में 2 साल की पत्रकारिता के बाद मिट्टी की खुशबू यूपी खींच लाई और तब से राजधानी लखनऊ में ही पत्रकारिता हो रही है. 2017 में यात्रा को विस्तार देते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े. राजनीतिक खबरों में गहरी रुचि और अंदर की खबर को बाहर लाने का हुनर, साथ ही यूपी की ब्यूरोकेसी में खास पकड़.  पत्रकारिता का फलसफा खबरों को खबर के रूप में ही जनता तक पहुंचाना.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button