उत्तर प्रदेशभारत

सपा MLC के लिए अखिलेश से टकरा रहे इमरान मसूद…. क्या है अंदरखाने की कहानी?

सपा MLC के लिए अखिलेश से टकरा रहे इमरान मसूद…. क्या है अंदरखाने की कहानी?

सपा MLC शाहनवाज को चुनाव लड़ाना चाहते थे इमरान मसूद तो अखिलेश ने आशु मलिक को फिर से दिया टिकट

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों की जंग छिड़ी है. कांग्रेस सांसद इमरान मसूद लगातार अखिलेश यादव के रवैये पर सवाल उठा रहे हैं. इमरान का कहना है कि कांग्रेस सपा से सीटों की भीख नहीं मांग रही है… लेकिन क्या इस टकराव की कहानी सिर्फ सीटों के बंटवारे तक सीमित है? क्या सहारनपुर की सियासत में एक MLC का राजनीतिक भविष्य भी इस तनातनी की वजह है?

दरअसल, कहानी सपा MLC शाहनवाज खान से जुड़ी है. 2022 में अखिलेश यादव ने ही शाहनवाज को विधान परिषद भेजा था, लेकिन कुछ वक्त बाद शाहनवाज… इमरान मसूद के साथ खड़े नजर आने लगे. मई 2025 में इमरान ने खुले मंच से शाहनवाज को सहारनपुर देहात से चुनाव लड़ाने का ऐलान कर दिया. इतना ही नहीं, सपा के स्थानीय नेताओं को चुनौती भी दी. अब 2027 के चुनाव के लिए सपा ने इसी सीट से आशु मलिक को दोबारा टिकट दे दिया है.

शाहनवाज को चुनाव लड़ाने का इमरान ने किया था ऐलान

सहारनपुर की राजनीति में इमरान मसूद और समाजवादी पार्टी के बीच मौजूदा खींचतान की एक पुरानी कहानी है. इस कहानी के केंद्र में हैं सपा MLC शाहनवाज खान. मई 2025 में इमरान मसूद ने सार्वजनिक मंच से ऐलान किया था कि वह शाहनवाज खान को सहारनपुर देहात विधानसभा सीट से चुनाव लड़ाएंगे. सहारनपुर देहात वही सीट है, जहां से समाजवादी पार्टी के आशु मलिक विधायक हैं. ऐसे में इमरान का यह ऐलान सिर्फ किसी नेता को चुनाव लड़ाने की इच्छा जाहिर करना नहीं था, बल्कि सपा के मौजूदा विधायक की दावेदारी के सामने एक नई चुनौती के तौर पर देखा गया.

इस दौरान इमरान मसूद का एक वीडियो भी चर्चा में आया था. इसमें वह शाहनवाज को मजबूती से चुनाव लड़ाने और अपने साथियों के दम पर राजनीति करने की बात कहते दिखाई दिए. उनके तेवर का अंदाजा इसी बात से लगाया गया कि उन्होंने सपा के स्थानीय नेताओं को चुनौती देते हुए कहा था- ‘पहलवानी करनी है तो करके देख लो.’ इमरान के इस बयान के बाद सहारनपुर की राजनीति में हलचल मच गई. मामला कांग्रेस सांसद और सपा विधायक के बीच सार्वजनिक टकराव तक पहुंच गया. आशु मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इमरान के आरोपों का जवाब दिया और उन पर राजनीतिक गरिमा भूलने का आरोप लगाया.

2022 में अखिलेश ने ही शाहनवाज को बनाया था MLC

अब सवाल है कि शाहनवाज खान और इमरान मसूद के बीच इतनी नजदीकी कैसे बढ़ी? इसके लिए थोड़ा पीछे जाना होगा. साल 2022 में समाजवादी पार्टी ने शाहनवाज खान को विधान परिषद सदस्य बनाया था. उस वक्त सहारनपुर की राजनीति में MLC पद को लेकर कई नाम चर्चा में थे. इमरान मसूद का नाम भी दावेदारों में बताया जाता था, लेकिन अखिलेश यादव ने वरिष्ठ सपा नेता सरफराज खान के बेटे शाहनवाज पर भरोसा जताया.

शाहनवाज के चयन के पीछे उनके परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी अहम मानी गई. उनके पिता सरफराज खान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में रहे हैं और पूर्व मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं. सरफराज खान और आजम खान के बीच पुराने राजनीतिक दौर से करीबी संबंध रहे हैं. दोनों के बीच राजनीतिक भरोसे और पारिवारिक आत्मीयता की चर्चा रही है. इसी पृष्ठभूमि ने शाहनवाज को सपा में मजबूत पहचान दिलाई.

इमरान की गैरमौजूदगी में शाहनवाज संभालने लगे कामकाज

शाहनवाज खान के राजनीतिक सफर में अगला मोड़ तब आया, जब उनकी सक्रियता इमरान मसूद के साथ बढ़ती दिखाई देने लगी. शाहनवाज अपनी पार्टी से दूरी बनाकर इमरान मसूद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने लगे. इमरान मसूद की गैरमौजूदगी में शाहनवाज उनका कामकाज भी देखने लगे. धीरे-धीरे इमरान मसूद शाहनवाज के राजनीतिक भविष्य को लेकर खुलकर पैरवी करने लगे. उन्होंने सहारनपुर देहात सीट से शाहनवाज को चुनाव लड़ाने की बात सार्वजनिक मंच से कह दी. यहीं से सपा के स्थानीय नेतृत्व और इमरान मसूद के बीच खींचतान खुलकर सामने आने लगी.

शाहनवाज पर अखिलेश का जवाब- बदल देंगे…

इस कहानी में अखिलेश यादव का सहारनपुर दौरा भी अहम है. दौरे के दौरान अखिलेश से शाहनवाज खान को लेकर सवाल पूछा गया था. उनसे कहा गया कि शाहनवाज… इमरान मसूद के साथ ज्यादा दिखाई देते हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता अपेक्षाकृत कम नजर आती है. इस पर अखिलेश यादव ने जवाब दिया था- ‘बदल देंगे और जो नया आएगा, वह दिखाई देगा.’ अखिलेश के इस बयान से साफ है कि सपा में शाहनवाज का भविष्य अब उज्जवल न है.

विकास कपिल

विकास कपिल

विकास कपिल पंडित पिछले 12 वर्षों से हिंदी भाषी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. विकास कपिल की राजनीतिक, अपराध और सामाजिक खबरों पर अच्छी पकड़ है. विभिन्न संस्थानों में रहते हुए कई बार उनके काम का असर भी देखने को मिला. न्यूज नेशन, न्यूज स्टेट, भास्कर टीवी, महुआ टीवी, NNIS न्यूज एजेंसी, भारत एक्सप्रेस जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में कार्य कर चुके विकास कपिल लंबे समय तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े रहे हैं.

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में News Nation, News State UP/UK चैनल में लंबे समय तक काम करने के बाद विकास कपिल ने भारत एक्सप्रेस चैनल में भी काम किया और कुछ समय वहां काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की तरफ रुख किया. वर्तमान में वो टीवी9 नेटवर्क का हिस्सा हैं. विकास कपिल पंडित ने CCS यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. घूमना, रिपोर्टिंग और खुद कुकिंग करना उनका शौंक है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button