उत्तर प्रदेशभारत

लापरवाही की हद! ग्रेटर नोएडा में जिस स्कूल बस से उतरी 5 साल की मासूम, उसी ने कुचलकर ले ली जान

लापरवाही की हद! ग्रेटर नोएडा में जिस स्कूल बस से उतरी 5 साल की मासूम, उसी ने कुचलकर ले ली जान

ग्रेटर नोएडा में हुआ दर्दनाक हादसा.

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां स्कूल से घर लौटी 5 साल की मासूम बच्ची की उसी स्कूल बस से कुचलकर मौत हो गई, जिससे वह कुछ ही सेकंड पहले उतरी थी. हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में गुस्से और शोक का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर गांव निवासी अरुण शर्मा की बेटी भूमि एक निजी स्कूलों में कक्षा एक की छात्रा थी. गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह रोज की तरह स्कूल बस से अपने घर पर लौटी थी. बताया जा रहा कि बस गांव के पास रुकी और भूमि बस से उतरकर अपने घर की ओर बढ़ने लगी, तभी अचानक बस चालक ने लापरवाही दिखाते हुए बस आगे बढ़ा दी, जिससे वह उसके पहिए की चपेट में आ गई.

पुलिस ने बस को कब्जे में लिया

हादसे के बाद बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तुरंत उसे ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टर ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बच्ची की मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी. हादसे के बाद बस चालक मौके से बस छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्दी उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल

बच्ची की मौत के बाद पर परिजनों का आरोप है कि स्कूल बस में चालक के अलावा कोई और हेल्पर मौजूद नहीं था. छोटे बच्चों को बस से सुरक्षित उतारने और सड़क पार करने के लिए हेल्पर की जिम्मेदारी तय होती है, लेकिन यहां ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी. परिजनों का यह भी कहना है कि अगर बस में हेल्पर होता तो बच्ची को सुरक्षित घर तक पहुंचा जा सकता था और यह हादसा भी टल सकता था.

इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या बस चालक को सही तरीके से प्रशिक्षित किया गया था? क्या सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था? यह सवाल अब स्थानीय लोगों के बीच में चर्चा का विषय बने हुए हैं. घटना के बाद गांव के लोगों में भारी आक्रोश है. परिजनों और ग्रामीणों ने चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही के कारण मासूम बच्चों की जान जा रही है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button