लखनऊ को जाम से मिलेगी राहत! शहीद पथ पर बनेगी 23 KM लंबी एलिवेटेड रोड; राजनाथ सिंह ने की पहल

लखनऊ के शहीद पथ पर बनेगी 23 KM लंबी एलिवेटेड रोड.
Lucknow Shaheed Path Elevated Road:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेजी से बढ़ती आबादी और वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर के सबसे व्यस्त यातायात कॉरिडोर शहीद पथ पर जल्द ही एलिवेटेड रोड निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं. रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर शहीद पथ पर एलिवेटेड रोड निर्माण का प्रस्ताव दिया है.
लखनऊ के इन चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम
दरअसल, शहीद पथ राजधानी के पूर्वी, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. बीते कुछ वर्षों में इस मार्ग पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ गया है. कमता, चिनहट, अहिमामऊ, अर्जुनगंज और अन्य प्रमुख चौराहों पर पीक ऑवर्स के दौरान लंबा जाम आम बात हो गई है. कई बार वाहन चालकों को घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ता है.
ये भी पढ़ें- विदाई हो गई, लेकिन रिटायरमेंट नहीं! बरेली की स्कूल प्रिसिंपल को फिर करनी होगी जॉइनिंग
23 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की तैयारी
इसी समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 23 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड शहीद पथ के ऊपर या उसके समानांतर विकसित की जा सकती है. परियोजना को लेकर NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) ने प्रारंभिक स्तर पर अध्ययन और प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
LDA तैयार करेगा एलिवेटेड रोड का DPR
परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की जिम्मेदारी लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को सौंपी जा सकती है. डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना की लागत, डिजाइन, निर्माण मॉडल और समयसीमा को अंतिम रूप दिया जाएगा. एलिवेटेड रोड बनने के बाद शहीद पथ पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा. इससे शहर के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा. साथ ही आने वाले वर्षों में बढ़ने वाले यातायात भार को संभालने में भी मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- CM योगी को भा गई बिठूर की माटी से बनी ये खास गुल्लक, देखते ही बोले- बेहद खूबसूरत, इसे आगे बढ़ाएं
राजधानी में मेट्रो विस्तार और नई सड़क परियोजनाओं के बीच शहीद पथ एलिवेटेड रोड को लखनऊ के भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर की महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती है और लाखों लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है.





