उत्तर प्रदेशभारत

रामगोपाल यादव ने कही 26 सीट देने की बात तो आराधना मिश्रा मोना बोलीं- मुझे इसकी जानकारी नहीं

रामगोपाल यादव ने कही 26 सीट देने की बात तो आराधना मिश्रा मोना बोलीं- मुझे इसकी जानकारी नहीं

सपा महासचिव रामगोपाल यादव और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर दूसरे दौर की बातचीत खत्म हो गई है. इसी बीच सपा की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की खबर सामने आई है. हालांकि, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा है कि उन्हें 26 सीटों के किसी प्रस्ताव की जानकारी नहीं है. उन्होंने साफ किया कि दोनों दलों के बीच अभी सीटों पर चर्चा चल रही है और बातचीत पूरी नहीं हुई है.

दिल्ली में सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर हुई बैठक के बाद आराधना मिश्रा ने कहा कि बैठक में सीटों पर चर्चा हुई है… बातचीत सकारात्मक रही और अभी केवल पहले दौर की चर्चा पूरी हुई है. उन्होंने बताया कि जल्द ही दूसरे दौर की बैठक होगी… जरूरत पड़ने पर दोनों दल फिर साथ बैठेंगे… यह प्रक्रिया तब तक जारी रहेगी, जब तक गठबंधन को लेकर सकारात्मक ऐलान नहीं हो जाता.

26 सीटों के प्रस्ताव पर क्या बोलीं आराधना मिश्रा?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना से जब पूछा गया कि क्या समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. आराधना मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने पहले भी यही कहा है कि सीटों पर चर्चा होगी और दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हैं कि हर सीट पर बातचीत की जाएगी. उन्होंने बताया कि आज की बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली.

आराधना मिश्रा ने कहा कि साढ़े तीन घंटे की बैठक में क्या-क्या चर्चा हुई होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सभी लोग समझदार हैं और इस पर किसी तरह का आकलन या अटकल लगाने की जरूरत नहीं है. सीटों को लेकर बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है. आगे भी चर्चा जारी रहेगी और अगली बैठक की तारीख जल्द तय की जाएगी.

रामगोपाल यादव बोले- अगली दो बैठकों में तय हो जाएगा सबकुछ

वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव ने बैठक को सकारात्मक बताया. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच हर सीट पर अलग-अलग चर्चा हुई है. बातचीत काफी सकारात्मक रही, लेकिन उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं और इतनी बड़ी संख्या में सीटों पर चर्चा पूरी करने में समय लगता है.

रामगोपाल यादव ने कहा कि अभी बातचीत पूरी नहीं हुई है, लेकिन भरोसा रखिए, अगली दो बैठकों में सबकुछ फाइनल कर लिया जाएगा. उनके इस बयान से संकेत मिला कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है और जल्द ही किसी सहमति तक पहुंचने की कोशिश है.

समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी बैठक के बाद सीट बंटवारे को लेकर किसी तरह के मतभेद से इनकार किया. उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई टकराव नहीं है… बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई… हर सीट पर अलग-अलग चर्चा की गई है… अंतिम फैसला अगली बैठक में लिया जाएगा और उसकी तारीख के बारे में जल्द जानकारी दी जाएगी.

100 सीटों की मांग पर अखिलेश यादव ने क्या कहा?

कांग्रेस की ओर से गठबंधन में 100 सीटों की मांग किए जाने के सवाल पर लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बातचीत की जिम्मेदारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दी गई है… वे ही इस पर चर्चा कर रहे हैं… अभी बातचीत जारी है और यह तय किया जा रहा है कि कौन सा दल कितनी सीटों पर सहमत हो सकता है और किस सीट पर कौन जीत सकता है.

अखिलेश यादव ने कहा कि इस समय सीटों की संख्या को लेकर कुछ भी कहना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि गठबंधन चुनाव जीतने के लिए बनाए जाते हैं… सभी दलों को साथ मिलकर काम करना होगा और एक-दूसरे को जगह देने के लिए तालमेल बैठाना होगा, ताकि विरोधियों को हराया जा सके… यही राजनीतिक दलों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.

सीट-दर-सीट चर्चा पर दोनों दलों का जोर

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी कहा कि अभी बैठकें शुरू हुई हैं… हर सीट पर अलग-अलग चर्चा होगी और सीट-दर-सीट बातचीत के बाद ही उस पर स्थिति तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि हर चुनाव का नैरेटिव, मुद्दे और माहौल अलग होते हैं. इमरान मसूद ने भरोसा जताया कि दोनों दलों का गठबंधन मजबूत होगा और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा. उनके मुताबिक, बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है.

दरअसल, यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर कई दौर की बातचीत होनी है. कांग्रेस की ओर से 100 सीटों की मांग की चर्चा है, जबकि सपा की तरफ से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की खबर सामने आई है. इसकी जानकारी खुद रामगोपाल यादव ने मीडिया को दी थी.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button