उत्तर प्रदेशभारत

मेरठ में जहरीली शराब का कहर! पीने के बाद 2 युवकों की मौत, एक वेंटिलेटर पर

मेरठ में जहरीली शराब का कहर! पीने के बाद 2 युवकों की मौत, एक वेंटिलेटर पर

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शुक्रवार शाम एक बडी घटना घटी. दौराला थाना क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. गंभीर हालत में युवक को वेंटिलेटर पर रखा गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के मुताबिक, दौराला कस्बे के रहने वाले जितेंद्र, दौलत और बाबूराम शुक्रवार देर शाम एक साथ शराब पी रहे थे. इसी दौरान अचानक तीनों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया.

एक युवक को वेंटिलेटर पर रखा गया

इलाज के दौरान जितेंद्र और दौलत की मौत हो गई, जबकि बाबूराम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है. डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का लग रहा है. हालांकि मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

थाना प्रभारी ने दी जानकारी

वहीं, थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और कौन सा ब्रांड था? मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

9 पेटी शराब बिकी, सकते में पुलिस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस दुकान से शराब खरीदी गई थी, वहां से उसी ब्रांड की करीब 9 पेटी शराब बिक चुकी है, लेकिन अन्य कहीं से इस तरह की शिकायत सामने नहीं आई है. डॉक्टरों ने अभी तक मौत का स्पष्ट कारण नहीं बताया है. पुलिस द्वारा जल्द ही विस्तृत प्रेस नोट जारी किया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button