उत्तर प्रदेशभारत

बस्ती में व्यापारी का किडनैप! 4 घंटे तक कार में पीटा, फिर जिंदा जलाने की कोशिश; चलती गाड़ी से कूद गया

बस्ती में व्यापारी का किडनैप! 4 घंटे तक कार में पीटा, फिर जिंदा जलाने की कोशिश; चलती गाड़ी से कूद गया

पुलिस जांच जारी

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में बदमाशों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी का असलहे के दम पर फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया. करीब चार घंटे तक कार में बंधक बनाकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. आरोप है कि बदमाशों ने कारोबारी को जिंदा जलाकर मारने की साजिश भी रची थी. लेकिन मौत सामने देखकर भी कारोबारी ने हिम्मत नहीं हारी और चलती कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली. गंभीर रूप से घायल कारोबारी का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के भैसहिया निवासी राजीव पांडेय से जुड़ा है. राजीव कंपनी बाग स्थित प्रभा इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स का कारोबार करते हैं. बताया जा रहा है कि गुरुवार को रुपयों के लेनदेन के सिलसिले में एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया. शाम करीब साढ़े छह बजे बाकी रकम देने के बहाने उन्हें जिला जज न्यायालय के पहले गेट स्थित पकौड़ी चौराहे पर बुलाया गया.

हथियार दिखाकर बनाया बंधक

आरोप है कि रुपये गिनने के बहाने राजीव को कार में बैठाया गया, जहां पहले से चार लोग मौजूद थे. बदमाशों ने असलहे के बल पर उन्हें बंधक बना लिया और विरोध करने पर पिस्टल की बट से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए. इसके बाद उन्हें नगर, कलवारी रोड और फिर रुधौली-बांसी मार्ग की तरफ ले जाया गया. इसी दौरान मारपीट में पिस्टल की मैगजीन कार में गिर गई, जिसे राजीव ने चुपके से अपने मोजे में छिपा लिया.

करीब चार घंटे तक बंधक रहने के बाद रात लगभग दस बजे रुधौली थाना क्षेत्र में चार बदमाश दूसरी गाड़ी से उतर गए. कार में केवल चालक और राजीव रह गए. आरोप है कि बदमाशों ने कार में करीब पांच लीटर पेट्रोल रखा था और कारोबारी को सुनसान जगह पर ले जाकर जिंदा जलाने की योजना बनाई थी.

जान बचाने के लिए चलती कार से कूदा युवक

इसी बीच कोहरा चौराहे पर बड़े स्पीड ब्रेकर के पास कार की रफ्तार धीमी हुई. मौका मिलते ही राजीव ने दरवाजा खोला और चलती कार से छलांग लगा दी. इसके बाद चालक कार लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने घायल कारोबारी की मदद की और पुलिस को सूचना दी. उन्हें पहले सीएचसी रुधौली और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया. बाद में परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया.

5 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत पांच आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. एसओजी, स्वाट और सर्विलांस समेत कई पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं. सदर सीट से सपा विधायक महेंद्र यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं एसपी ओमवीर सिंह ने जल्द ही अपहर्ताओं को गिरफ्तार करने की बात कही है.

फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.

शैलेन्द्र शाही

शैलेन्द्र शाही

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button