यशस्वी-राहुल की जोड़ी ने रचा इतिहास, 32 साल बाद न्यूजीलैंड में हुआ ऐसा

वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व ग्राउंड पर खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया है. भारत की पहली पारी आज शुरू हुई, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने सधी हुई शुरुआत की और फिर अच्छे शॉट्स लगाए. जायसवाल अपने शतक से चूक गए, उन्होंने सिर्फ 89 गेंदों में 85 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 16 चौके लगाए. 32 साल बाद हुआ है जब किसी भारतीय सलामी जोड़ी ने न्यूजीलैंड में शतकीय साझेदारी की है.
इससे पहले आखिरी बार नवजोत सिंह सिद्धू और मोंगिया ने ऐसा किया था. मार्च, 1994 को हैमिलटन में खेले गए टेस्ट में दोनों ने पहले विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की थी. 32 साल बाद अब केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पहली भारतीय जोड़ी है, जिन्होंने न्यूजीलैंड में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. दोनों ने 130 रन जोड़े.
यशस्वी जायसवाल को मैट हैनरी ने विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया. इसके बाद केएल राहुल ने अपना अर्धशतक पूरा किया. दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक राहुल 52 पर नाबाद हैं. देवदत्त पडिक्कल 16 रन पर खेल रहे हैं. दोनों तीसरे दिन भारतीय पारी को 159/1 से आगे बढ़ाएंगे. भारत अभी 209 रन पीछे है.
A solid 100-run opening stand between vice-captain @klrahul and Yashasvi Jaiswal 👌👌 Live – https://t.co/SaMcNXtAVG #NZvIND https://t.co/BAZVofM4ru
— BCCI (@BCCI) November 20, 2026
इससे पहले आज न्यूजीलैंड की पहली पारी 368 रनों पर समाप्त हुई. तीसरे नंबर पर आए हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 रन बनाए. उन्होंने ग्लेन फिलिप्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 216 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई. न्यूजीलैंड ने 5 विकेट महज 70 रनों पर गंवा दिए थे.
पहली पारी में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए, उन्होंने 4 विकेट चटकाए. आकाश दीप ने 3, अंशुल कंबोज ने 2 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिया. वॉशिंगटन सुंदर कोई विकेट नहीं ले पाए.
यह भी पढ़ें- IPL से मुकाबला कर पछता रहा है पाकिस्तान, PSL टीम बेच रहे मालिक ने कबूला



