उत्तर प्रदेशभारत

दिल्ली की तरह कानपुर में भी एयरो सिटी की तैयारी, होटल से लेकर कन्वेंशन सेंटर तक… क्या-क्या होगा खास?

दिल्ली की तरह कानपुर में भी एयरो सिटी की तैयारी, होटल से लेकर कन्वेंशन सेंटर तक… क्या-क्या होगा खास?

कानपुर एयरपोर्ट.

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक शहर कानपुर के शहरी और व्यावसायिक विकास को अब एक नई रफ्तार मिलने जा रही है. दिल्ली की एयरो सिटी की तर्ज पर कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट के पास रूमा क्षेत्र में करीब 1,251 एकड़ जमीन पर आधुनिक एयरो सिटी विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है. कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) इस महत्वाकांक्षी परियोजना को केवल एक आवासीय टाउनशिप के बजाय कारोबार, निवेश और रोजगार के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी में जुटा है. परियोजना का पूरा खाका तैयार करने के लिए कंपनी चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

प्रस्तावित एयरो सिटी में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को एक साथ विकसित करने की योजना है. यहां बड़े होटल, शॉपिंग सेंटर, सुपरमार्केट, अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बनाए जाएंगे. इसके साथ ही मिश्रित भू-उपयोग वाले भूखंड भी विकसित किए जाएंगे, जिससे निवेशकों और कारोबारियों को एक ही स्थान पर सभी आधुनिक सुविधाएं मिल सकें.

KDA ने एयरो सिटी का मास्टर प्लान और खाका तैयार करने के लिए कवायद तेज कर दी है. इस संबंध में संभावित कंपनियों ने मोतीझील में परियोजना से जुड़ा प्रेजेंटेशन भी दिया है. कंपनी के अंतिम चयन के बाद धरातल पर विकास की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा.

ये भी पढ़ें: कब खत्म होगा कूड़े का पहाड़ गाजीपुर लैंडफिल साइट पर अब तक कितना कचरा साफ?

मास्टर प्लान-2031 में बदला भू-उपयोग, जमीन का विवाद भी खत्म

एयरो सिटी के विकास में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मास्टर प्लान-2031 में संबंधित क्षेत्र की कृषि भूमि का भू-उपयोग पहले ही आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी में बदला जा चुका है, जिससे जमीन से जुड़ी तकनीकी अड़चनें दूर हो गई हैं. इसके अलावा, एयरपोर्ट को सीधे रिंग रोड से जोड़ने की योजना पर भी काम चल रहा है, जिससे शहर के अन्य हिस्सों से एयरपोर्ट तक पहुंच बेहद आसान हो जाएगी.

रूमा स्थित सीवरेज फार्म की जमीन को लेकर नगर निगम और KDA के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद भी समाप्त हो चुका है, जिससे इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. KDA सचिव अभय पांडे के अनुसार, न्यू कानपुर सिटी को लॉन्च करने की तैयारी के साथ-साथ ग्रेटर कानपुर और एयरो सिटी की योजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है.

अनुराग अग्रवाल

अनुराग अग्रवाल

सोलो ट्रैवलिंग का शौक. सहारा समय, इंडिया वॉइस और न्यूज़ नेशन जैसी संस्थाओं में 18 साल से ज्यादा का टीवी जर्नलिज्म का अनुभव.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button