उत्तर प्रदेशभारत

ऑटो में बैठती थीं सास, बहू और ननद… 20 रुपए किराया देकर पार कर देती थीं सोने की चेन!

ऑटो में बैठती थीं सास, बहू और ननद… 20 रुपए किराया देकर पार कर देती थीं सोने की चेन!

तीनों महिलाएं गिरफ्तार

भीड़भाड़ वाले इलाकों और सवारी ऑटो में महिलाओं को निशाना बनाकर उनके सोने के जेवर और कीमती सामान चोरी करने वाले एक शातिर पारिवारिक गिरोह का मुरादाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गिरोह में शामिल सास, बहू और ननद की तिकड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपी बिजनौर की रहने वाली हैं. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद की है. जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ मुरादाबाद समेत संभल, बिजनौर और सहारनपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं.

पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर की शाम मझोला क्षेत्र की रहने वाली एक शिक्षिका ऑटो से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान पुराने रोडवेज बस अड्डे के पास तीन महिलाएं जबरन उसी ऑटो में सवार हो गईं. कुछ दूर चलने के बाद तीनों महज 20 रुपये किराया देकर ऑटो से उतर गईं. इस बीच उन्होंने बड़ी सफाई से शिक्षिका के गले से सोने की चेन चोरी कर ली. घटना की जानकारी मिलने पर थाना गलशहीद में मुकदमा दर्ज किया गया.

तीन आरोपी महिलाएं गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ कटघर और एसओ गलशहीद के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसके साथ ही अपराधियों का रिकॉर्ड रखने वाले यक्ष ऐप और आसपास के जनपदों की पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस ने बिजनौर निवासी मनीषा, राधा और कविता को गिरफ्तार कर लिया.

तीनों सास, बहू और ननद

एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि तीनों महिलाएं आपस में सास, बहू और ननद हैं. इनका चोरी करने का तरीका बेहद शातिर था. ये भीड़भाड़ वाले स्थानों और सवारी ऑटो में दूसरी महिलाओं के साथ बैठ जाती थीं. बातचीत में उलझाकर, धक्का-मुक्की या भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य जेवर पार कर देती थीं. इसके अलावा पर्स और बैग काटकर नकदी व कीमती सामान चोरी करने में भी माहिर थीं.

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में तीनों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है. मुरादाबाद के अलावा संभल, बिजनौर और सहारनपुर में भी इनके खिलाफ कई अभियोग दर्ज हैं. गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. एसपी सिटी के अनुसार, गिरोह में परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के शामिल होने की आशंका है. पुलिस उनकी तलाश के साथ ही पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.

शारिक सिद्दिकी

शारिक सिद्दिकी

पिछले 4 सालों से पत्रकारिता के फील्ड में हूं, निष्पक्ष पत्रकारिता का पक्षधर और सच्चाई के साथ अपने कर्तव्य का पालन करना ही मेरा उद्देश्य.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button