उत्तर प्रदेशभारत

‘अब नहीं सहूंगी’… इंसाफ नहीं मिला तो SSP ऑफिस के बाहर महिला का आत्मदाह प्रयास, मचा हंगामा

'अब नहीं सहूंगी'... इंसाफ नहीं मिला तो SSP ऑफिस के बाहर महिला का आत्मदाह प्रयास, मचा हंगामा

महिला ने की सुसाइड की कोशिश

Bareilly News: उत्तर प्रदेश में बरेली के एसएसपी ऑफिस के बाहर मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बहेड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. ऑफिस परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए महिला को रोक लिया. अगर पुलिस कुछ सेकंड भी देर कर देती तो बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

दरअसल, महिला दोपहर में एसएसपी ऑफिस पहुंची थी. उसके हाथ में कुछ कागजात और एक बोतल थी, जिसमें डीजल भरा हुआ था. महिला ने अचानक अपने ऊपर डीजल डालना शुरू कर दिया और आग लगाने का प्रयास किया. मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर ले गए. इस दौरान महिला लगातार अपने साथ हुए अन्याय की बात कहती रही और अधिकारियों को कागजात दिखाकर कार्रवाई की मांग करती रही.

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि महिला के बेटे का होली के समय डीजे बजाने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया था. आरोप है कि इस दौरान उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी. महिला की शिकायत पर बहेड़ी थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने मामले की जांच के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी अदालत में दाखिल कर दी है. इसके बावजूद महिला का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई.

पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उसका परिवार लगातार डर के माहौल में जी रहा है. वह कई बार बहेड़ी थाने गई, लेकिन उसे हर बार सिर्फ आश्वासन मिला. इसके बाद उसने पुलिस के अन्य अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ.

महिला थाना पुलिस ने संभाला मामला

आत्मदाह की कोशिश की सूचना मिलते ही महिला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. महिला को समझाकर शांत कराया गया और उसके बयान दर्ज किए गए. पुलिस ने उसकी हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भी भेजा. अधिकारियों ने महिला से पूरे मामले की जानकारी ली और संबंधित दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए.

एसएसपी अनुराग आर्य का कहना है कि महिला की शिकायत और उसके आरोपों की दोबारा जांच कराई जाएगी. यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल महिला सुरक्षित है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

मनवीर सिंह

मनवीर सिंह

मैं मनवीर सिंह 6 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं. 5 साल से टीवी9 भारतवर्ष न्यूज चैनल में सेवा दे रहा हूं. इससे पहले आजतक न्यूज चैनल के लिए भी काम किया है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरें पसंद हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button