उत्तर प्रदेशभारत

सिर से उठा पिता का साया, मां ने की बेचने की कोशिश…सहारा देने के नाम पर गैंगरेप, फिर नहर में फेंका; बुलंदशहर की लड़की से दरिंदगी की हद पार

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नाबालिक लड़की से गैंगरेप हुआ है. आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने लड़की को अपने साथ ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की और विरोध करने पर उसे नहर में धक्का दे दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने करीब 12 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 की सुबह डायल 112 पर सूचना मिली कि एक युवती नहर में डूब रही है. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और लड़की को नहर से बाहर निकाला. इसके बाद उसे मिशन शक्ति केंद्र भेजा गया. मिशन शक्ति केंद्र में लड़की ने पुलिस को बताया कि उसके साथ पूर्व से परिचित दो युवकों शफीक और भूरा ने गैंगरेप किया है. जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

बचपन से परिवार से अलग रह रही थी

पीड़िता ने बताया कि जब वह करीब दो साल की थी, तभी उसके पिता की मौत हो गई थी. इसके करीब एक साल बाद उसकी मां ने दूसरी शादी कर ली और राजस्थान चली गई. लड़की लंबे समय तक अपनी दादी के साथ रह रही थी. पिछले साल दादी की मौत के बाद वह अपने चाचा के साथ रहने लगी. करीब डेढ़ महीने पहले उसकी मां उसे अपने साथ राजस्थान ले गई थी. लड़की ने आरोप लगाया कि राजस्थान में उसकी मां उसे बेचने की कोशिश कर रही थी. इसके बाद वह वहां से भागकर बुलंदशहर वापस आ गई और अपनी एक रिश्तेदार ताई के यहां रहने लगी.

चारा लेने आने वाले परिवार से थी पहचान

पुलिस के अनुसार, लड़की की रिश्तेदार ताई चारा काटने का काम करती हैं. शफीक और उसकी पत्नी भी वहां चारा लेने आते थे. इसी वजह से लड़की और शफीक के परिवार के बीच पहले से पहचान थी. आरोप है कि शफीक के आग्रह पर रिश्तेदार परिवार ने लड़की को करीब 10 दिन तक अपने पास रखा. पुलिस के मुताबिक, शफीक ने अपने साथी भूरा के साथ मिलकर लड़की को बाइक से दिल्ली छोड़ने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया.

गैंगरेप के बाद नहर में धक्का देने का आरोप

आरोप है कि शफीक और भूरा लड़की को खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नहर के पास ले गए. वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. लड़की ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे नहर में धक्का दे दिया और वहां से भाग गए. नहर में डूब रही लड़की को समय रहते डायल 112 की टीम ने बचा लिया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. एक आरोपी को पुलिस ने 7 अक्टूबर की शाम गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी को देर रात हुई मुठभेड़ के बाद हिरासत में लिया गया.

पीड़िता का मेडिकल कराया गया

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस ने करीब 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और उसके न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है. डायल 112 की टीम के सहचालक और कमांडर को त्वरित कार्रवाई के लिए 2,500-2,500 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया है. पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में खुर्जा देहात थाना पुलिस की भी अहम भूमिका रही.

सुमित शर्मा

सुमित शर्मा

सुमित शर्मा ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत अक्टूबर 2005 में सिटी न्यूज़ चैनल से की थी. इसके बाद वर्ष 2006 से 2014 तक ज़ी न्यूज़ में बतौर कैमरा पर्सन कार्य किया. वर्ष 2010 से 2011 तक जीएनएन न्यूज़ चैनल में बतौर रिपोर्टर कार्य किया, जबकि 2011 से 2014 तक सी न्यूज़ चैनल में रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दीं.

अक्टूबर 2014 से अक्टूबर 2015 तक दैनिक भास्कर में न्यूज़ रिपोर्टर रहे. इसके अलावा उन्होंने बीबीसी हिंदी के लिए भी रिपोर्टिंग की है. वो समाचार टुडे चैनल, जनतंत्र न्यूज़ चैनल और टीवी 100 न्यूज़ चैनल में भी रिपोर्टर के रूप में काम कर चुके हैं. वर्ष 2018 से वो टीवी9 भारतवर्ष में रिपोर्टर के तौर पर जुड़े हुए हैं.

 

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button