उत्तर प्रदेशभारत

पहले सिगरेट की दुकान पर मुलाकात, फिर कार में शराब पार्टी और हत्या… ऐसे खुला प्रशांत हत्याकांड

पहले सिगरेट की दुकान पर मुलाकात, फिर कार में शराब पार्टी और हत्या… ऐसे खुला प्रशांत हत्याकांड

चार आरोपी गिरफ्तार

Noida News: उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-121 में रहने वाले कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर प्रशांत शर्मा की हत्या के मामले में फेस-3 थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रशांत की आरोपियों से पहचान सिगरेट की दुकान पर हुई थी. इसके बाद वह उन्हें अपनी कार में बैठाकर पार्टी के लिए ले गए. रास्ते में शराब खरीदी गई और कार में पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद में चारों युवकों ने प्रशांत की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने मृतक की कार भी बरामद कर ली है. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी कार को अलीगढ़ के अकराबाद इलाके में एक पुल के नीचे खड़ी कर बस से नोएडा लौट आए थे.

जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर को प्रशांत शर्मा की बेटी ने फेस-3 थाने में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की जांच शुरू की. जांच के दौरान गौर सिटी और आसपास के इलाकों समेत 100 से अधिक स्थानों की CCTV फुटेज खंगाली गई. फुटेज में प्रशांत कुछ युवकों के साथ नजर आए. इसके बाद पुलिस ने CCTV के आधार पर युवकों की पहचान की.

सिगरेट की दुकान से शुरू हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात प्रशांत तिकोना पार्क के पास पहुंचे थे. वहीं उनकी मुलाकात बिट्टू उर्फ नितिन और निगम ठाकुर से हुई. बातचीत के दौरान दोनों से उनकी पहचान हुई. इसके बाद प्रशांत दोनों युवकों को अपनी कार में बैठाकर गौर सिटी की ओर निकल गए. रास्ते में शराब खरीदी, बाद में दोनों के दो अन्य साथी मोहित और इरफान भी उनके साथ आ गए. पुलिस का दावा है कि कार में पांचों ने शराब पी. इसी दौरान किसी बात को लेकर प्रशांत और चारों युवकों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि गाली-गलौज को लेकर विवाद बढ़ा और चारों ने मिलकर प्रशांत का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई.

नाले के पास मिला था शव

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद प्रशांत के शव को बिसरख थाना क्षेत्र में नाले के पास फेंक दिया गया. 17 सितंबर को वहां एक अज्ञात शव मिला था. शव के पास पुलिस को पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद लावारिश समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया. बाद में, प्रशांत के परिवार ने शव की पहचान की, जिसके बाद गुमशुदगी की जांच हत्या के मामले में बदल गई. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. अब पुलिस घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है.

नदीम सैफी

नदीम सैफी

नदीम सैफी पिछले 11 साल से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजनीति व क्राइम की खबरों पर मजबूत पकड़ है. कई टीवी चेन्नल्स में बतौर रिपोर्टर काम कर चुके हैं. कोरोना काल में जब लोग घरों में कैद थे तब सड़कों पर उतरकर लोगों को ग्राउंड जीरो से रूबरू करवाया. नोएडा में एक दैनिक समाचार पत्र से शुरुआत की और R9 टीवी, नवतेज टीवी, प्राइम न्यूज़ व जनतंत्र टीवी में काम का अनुभव लिया. फिलहाल TV9 में बतौर डिजिटल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button