LPG-तेल संकट के बीच आई बड़ी खबर, PNG के दो कार्गो भारत रवाना, सरकार ने क्या बताया?

यूएस-इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग ने दुनिया भर में ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है. खासकर एलपीजी सप्लाई को लेकर स्थिति ज्यादा बिगड़ी है. भारत इस एनर्जी संकट को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है. देश में फिलहाल एलपीजी की कमी नहीं है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से भी इसको लेकर प्रतिक्रिया दी गई है, जिसमें साफ कहा गया है कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, घरेलू इस्तेमाल के लिए नॉर्मल डिलीवरी का समय पहले की तरह ही रहेगा.
क्या बोलीं पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी ?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया, हमारी गैस कंपनियों ने नए सोर्स से LNG कार्गो खरीदे हैं. दो LNG कार्गो भारत आ रहे हैं. अभी, LPG को घरेलू सेक्टर को दिया जा रहा है. नॉन-डोमेस्टिक LPG के लिए, हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन जैसे ज़रूरी सेक्टर को प्राथमिकता दी जा रही है.
LPG बुकिंग के बीच मिनिमम गैप 21 दिन से बढ़कर 25 दिन किया गया
उन्होंने बताया, कमेटी राज्य अथॉरिटी और इंडस्ट्री बॉडी के साथ मिलकर प्लान को फाइनल कर रही है. ताकि यह पक्का हो सके कि उपलब्ध LPG सही और ट्रांसपेरेंट तरीके से बांटा जाए. सरकार ने कस्टमर्स को बचाने के लिए बढ़ी हुई कीमत का बड़ा हिस्सा अपने ऊपर ले लिया है. डिमांड मैनेजमेंट के एक टेम्पररी तरीके के तौर पर, LPG बुकिंग के बीच मिनिमम गैप 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है.
‘LPG बुकिंग के लिए घबराने की जरूरत नहीं’
तेल मंत्रालय की ओर LPG बुकिंग के लिए घबराने की जरूरत नहीं है. घरेलू इस्तेमाल के लिए नॉर्मल डिलीवरी साइकिल 2.5 दिन का ही रहेगा. तेल मंत्रालय का कहना है कि सरकारी उपायों से LPG प्रोडक्शन में 25 परसेंट की बढ़ोतरी हुई है. क्रूड ऑयल को होर्मुज स्ट्रेट के अलावा दूसरे रास्तों से मंगाया जा रहा है; सप्लाई उन रास्तों से ज़्यादा मिली जो रुके हुए थे. शिपिंग मिनिस्ट्री के अधिकारी ने बताया कि फारस की खाड़ी में 28 भारतीय जहाज मौजूद हैं.
LPG सप्लाई में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
मौजूदा स्थिति और LPG आयात पर रोक के चलते उपलब्ध गैस की सप्लाई को सावधानी से नियंत्रित किया जा रहा है. इसमें घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है. अन्य क्षेत्रों की मांग की समीक्षा BPCL, IOC और HPCL के LPG कार्यकारी निदेशकों की एक संयुक्त समिति कर रही है. जरूरत के आधार पर आवंटन किया जा रहा है. सरकार सभी नागरिकों को आश्वस्त करना चाहती है कि LPG आयात की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सामान्य आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है.
केंद्रीय सचिव ने सभी राज्यों के डीजीपी से की बातचीत
वहीं, केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों के डीजीपी और राज्यों के सचिवों से बातचीत की जिस तरीके के हालात बने हुए हैं उनको लेकर और कहा है कि वह यह सुनिश्चित करें कि किसी भी तरीके से जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर सख्त कदम उठाए.
