उत्तर प्रदेशभारत

‘मेरे देवर को पीट-पीटकर मार डाला’… जेल में मऊ के युवक की मौत, भाभी ने पुलिस को दौड़ा लिया- Video

'मेरे देवर को पीट-पीटकर मार डाला'... जेल में मऊ के युवक की मौत, भाभी ने पुलिस को दौड़ा लिया- Video

आजमगढ़ जेल में युवक की संदिग्ध मौत.

Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में रहने वाले विक्रम डोम (28) की आजमगढ़ जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का आरोप है कि विक्रम की मौत बीमारी या सामान्य कारणों से नहीं, बल्कि पुलिस की पिटाई के कारण हुई है. घटना के बाद दोहरीघाट में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. इस बीच एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मृतक की भाभी न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ती नजर आ रही हैं.

चोरी के आरोप में घर से उठाकर ले गई थी पुलिस

परिजनों के अनुसार, पिछले रविवार को आजमगढ़ के जीयनपुर थाने की पुलिस और दोहरीघाट पुलिस विक्रम डोम को चोरी के एक मामले में उसके घर से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई थी. परिवार का आरोप है कि गिरफ्तारी के दौरान ही विक्रम के साथ मारपीट की गई और बाद में दोहरीघाट थाने में भी उसकी बेरहमी से पिटाई की गई. इसके बाद उसे आजमगढ़ जेल भेज दिया गया.

ये भी पढ़ें- Agra Crime News: नाम बदला, पहचान बदली, मौत का झूठ बोला 27 साल बाद बदमाश भूरा भोपाल से गिरफ्तार

बीती रात आई मौत की सूचना, मच गया कोहराम

परिवार का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें विक्रम की कोई जानकारी नहीं दी गई. बीती रात अचानक सूचना मिली कि आजमगढ़ जेल में उसकी मौत हो गई है. यह खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. परिजनों का कहना है कि पुलिस ने न तो मौत का कारण बताया और न ही समय रहते परिवार को कोई सूचना दी.

भाभी का आरोप- पुलिस की पिटाई से गई जान

मृतक की भाभी ने आरोप लगाया कि पुलिस विक्रम को घर से मारते-पीटते हुए ले गई थी. उन्होंने कहा कि दोहरीघाट थाने में भी उसके साथ मारपीट की गई. परिवार के लोगों को वहां से भगा दिया गया. इसके बाद उसे आजमगढ़ जेल भेज दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई. उनका कहना है कि यह पूरी तरह पुलिस की पिटाई से हुई मौत है. दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए.

सांसद राजीव राय पहुंचे पीड़ित परिवार के घर

घटना की जानकारी मिलने के बाद घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कहा कि इस मामले की शिकायत डीआईजी और जिलाधिकारी से की गई है. सांसद ने कहा कि यदि जांच में पुलिस की भूमिका सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा.

पुलिस का पक्ष भी आया सामने

दोहरीघाट थानाध्यक्ष के अनुसार, विक्रम जीयनपुर थाने का वारंटी था. वह पहले अवैध तमंचे के एक मामले में जेल जा चुका था और बाद में फरार हो गया था. इसी कारण उसके खिलाफ वारंट जारी किया गया था. रविवार को जीयनपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा.

इलाके में तनाव, न्यायिक जांच की मांग तेज

विक्रम की मौत के बाद दोहरीघाट कस्बे में तनाव का माहौल है. आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है.

(रिपोर्ट- अभिषेक सिंह/मऊ)

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं.

उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला.

दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा.

अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button