विश्व

‘उसने बहुत बुरी तरह कुचलने…’, अमेरिका में जिस महिला को ICE एजेंट ने मारी गोली, उसके बचाव में उतरे ट्रंप

अमेरिका के मिनियापोलिस में यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंट ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. इस हत्या के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और जनता सड़कों पर उतर आई. इस मामले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इसके लिए वह महिला ही जिम्मेदार थी क्योंकि उसने अधिकारी को कुचलने की कोशिश की थी.

इमिग्रेशन अधिकारी के बचाव में उतरे ट्रंप

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ट्र्ंप ने पूछा गया कि क्या किसी भी परिस्थितियों में गोली चलाना सही था? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, ‘उस महिला ने बहुत बुरा व्यवहार किया और उसने अधिकारी के ऊपर गाड़ी चलाने की कोशिश की.’ इसके बाद में राष्ट्रपति ने गोलीबारी का वीडियो फुटेज चलाया. उन्होंने घटना की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा, ‘इन सब बातों के बावजूद मुझे यह सब पसंद नहीं आया. उन्होंने घटना को हिंसक बताया और कहा, ‘यह एक भयावह स्थिति थी. मुझे लगता है कि इसे देखना बहुत बुरा है.’

ICE अधिकारी ने जिस महिला को गोली मारी उसकी पहचान रेनी निकोल गुड के रूप में हुई. यह घटना ऐसे समय में घटी जब ट्रंप प्रशासन अमेरिका के प्रमुख शहरों में आव्रजन प्रवर्तन अभियान चला रहा है. न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक ट्र्ंप प्रशासन की इमिग्रेशन को लेकर की जा रही कार्रवाइयों से जुड़ी यह पांचवीं मौत है. 

ICE अधिकारी के गोली चलाने का वीडियो

इस घटना के वीडियो में ICE एजेंट सड़क के बीचों बीच रुकी हुई एक कार की ओर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं. जैसे ही वह गाड़ी आगे बढ़ने की कोशिश करता है, एक एजेंट ड्राइवर पर बंदूक तान देता है और फिर गोली चलने की आवाज सुनाई देती है. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी से टकरा जाती है.

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रेनी निकोल गुड को एक विक्षिप्त वामपंथी बताया, जिसने एक संघीय अधिकारी को कुचलने की कोशिश की थी. वैंस ने कहा कि उसे मारने वाले अधिकारी ने आत्मरक्षा में अपनी बंदूक चलाई. उन्होंने कहा कि वीडियो को अलग एंगल से देखने के बाद पता चलता है कि उस महिला ने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए अधिकारी को टक्कर मारी.

संघीय और स्थानीय अधिकारियों के अलग-अलग बयान

अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि निकोल गुड दिन भर अधिकारियों का पीछा कर रही थी और उनके काम में बाधा डाल रही थी. उन्होंने कहा कि उस महिला ने अपने वाहन को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की और अधिकारी को कुचलने का प्रयास किया. हालांकि, मिनियापोलिस नगर परिषद ने कहा कि जब उन्हें गोली मारी गई तब वह अपने पड़ोसियों की देखभाल कर रही थीं. मिनिसोटा के गवर्नर ने भी संघीय सरकार के बयान को चुनौती देते हुए आश्वासन दिया कि घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जाएगी.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button