उत्तर प्रदेशभारत

CCTV से रखेंगे नजर, हर सेंटर पर तैनाती और… कानपुर में ऐसे होगी UPPSC की परीक्षा

CCTV से रखेंगे नजर, हर सेंटर पर तैनाती और... कानपुर में ऐसे होगी UPPSC की परीक्षा

कानपुर प्रशासन अलर्ट पर

उत्तर प्रदेश की कई परीक्षाओं में पेपर लीक होने की खबरें सामने आने के बाद अब पीसीएस की परीक्षा के लिए सरकार कोई भी कसर बाकी नहीं रखना चाहती. इसीलिए कानपुर प्रशासन ने इस परीक्षा की तैयारी के लिए अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है. आयोग के प्रतिनिधि विवेक श्रीवास्तव ने भी सोमवार को कानपुर ने डेरा डाल लिया है. यह परीक्षा 12 अक्टूबर को होगी इसके लिए शहर में कुल 39 केंद्र होंगे.

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आगामी 12 अक्टूबर (रविवार) को संयुक्त राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा-2025 और सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 का आयोजन किया जाएगा. इस परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. सोमवार को बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की गई.

जिलाधिकारी ने दिया निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और निगरानी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, गोपनीयता और सुचिता के साथ संपन्न कराना सुनिश्चित करें. किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. डीएम ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की तीन दिन पहले विस्तृत समीक्षा करने और आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया.

परिक्षार्थी को लिए रहें ये सुविधाएं

उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, बिजली और पेयजल की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा. जिलाधिकारी ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे परीक्षा की संवेदनशीलता को समझते हुए अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठा और सतर्कता के साथ निभाएं. उन्होंने कहा कि कानपुर नगर की परीक्षा व्यवस्था को राज्य स्तर पर एक आदर्श उदाहरण बनाना है.

कब होंगी परिक्षाएं?

जानकारी के अनुसार, जनपद में परीक्षा के लिए 39 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 17,688 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. परीक्षा दो पालियों में होगी—प्रथम पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक। सुचारू संचालन के लिए 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 39 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 39 सह-केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है. इसके अतिरिक्त, 50 प्रतिशत अंतरिक्षक कक्ष निरीक्षकों को भी नियुक्त किया गया है. आयोग ने विवेक कुमार श्रीवास्तव को पर्यवेक्षण के लिए समन्वयक पर्यवेक्षक नामित किया है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button