उत्तर प्रदेशभारत

‘गर्लफ्रेंड बन जाओ मेरी’… कोचिंग में टीचर की छात्रा से फरमाइश, पुलिस ने उठाकर भेज दिया जेल

'गर्लफ्रेंड बन जाओ मेरी'... कोचिंग में टीचर की छात्रा से फरमाइश, पुलिस ने उठाकर भेज दिया जेल

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

उत्तर प्रदेश के आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में एक ट्यूशन टीचर पर 14 साल की नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील बातें करने और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है. छात्रा के पिता ने थाना प्रभारी को तहरीर देकर आरोपी ट्यूशन टीचर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने बीएनएस की धारा 74 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 7 और 8 के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है. उसका मोबाइल जब्त कर लिया है.

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि न्यू कौशलपुर निवासी महेंद्र सिंह की 14 साल की नाबालिग बेटी पिछले 10 महीने से गुरु वशिष्ठ क्लासेस, नगला बूढ़ी चौराहा पर पुनीत वशिष्ठ के यहां ट्यूशन पढ़ने जा रही थी. छात्रा के पिता का आरोप है कि पिछले लगभग दो महीने से ट्यूशन टीचर पुनीत उनकी बेटी के साथ अश्लील बातें और हरकतें कर रहा था.

एक्स्ट्रा क्लासेस के नाम पर अश्लील हरकतें

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी पुनीत एक्स्ट्रा क्लासेस के नाम पर छात्रा को अकेले में बुलाकर उसके साथ नाजुक अंगों से छेड़छाड़ करता था. विगत 23 जून 2025 को शाम 5 बजे जब छात्रा ट्यूशन गई थी, तब आरोपी मास्टर पुनीत ने एक बार फिर उसके साथ अश्लील बातें और हरकतें कीं. इतना ही नहीं वह छात्रा से गर्लफ्रेंड बनने के लिए भी कहता था.

छात्रा ने माता-पिता को बताई टीचर की हरकतें

घर आकर छात्रा ने यह बात अपने माता-पिता को बताई. जिसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी शिक्षक आगरा के एक नामी सीबीएसई स्कूल में गणित का टीचर है जिसे शिकायत के बाद तुरंत स्कूल प्रबंधन ने सेवा मुक्त कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button