T20 वर्ल्ड कप यू-टर्न पर PCB चीफ मोहसिन नकवी से पूछे गए तीखे सवाल, जानिए क्या दिया जवाब

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच को लेकर पाकिस्तान का रुख अचानक बदल गया है. पहले बहिष्कार की बात करने वाला पाकिस्तान अब 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप मैच खेलने को तैयार है. इस यू-टर्न के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी पर सवालों की बौछार हो गई है और उनसे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
PSL प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद नकवी से पूछे गए सवाल
भारत-पाक मैच को लेकर आधिकारिक घोषणा से ठीक पहले मोहसिन नकवी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद जब एक पत्रकार ने उनसे यह जानने की कोशिश की कि क्या ICC के साथ बातचीत में पाकिस्तान को कोई खास फायदा हुआ है. इस पर नकवी ने साफ कहा कि पाकिस्तान ने अपने लिए कुछ भी नहीं मांगा है.
नकवी ने आगे बताया कि कुछ ही समय में सबके सामने फैसला आ जाएगा और पूर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या कोई अच्छी खबर आने वाली है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह हमेशा अच्छी खबर ही देते है.
बांग्लादेश के समर्थन में लिया गया था स्टैंड
पाकिस्तान ने शुरुआत में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला बांग्लादेश के समर्थन में लिया था. आपको बता दें कि बांग्लादेश को आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद पाकिस्तान सरकार ने टीम को भारत के खिलाफ मैदान में उतरने की इजाजत नहीं दी थी.
मोहसिन नकवी के मुताबिक, बांग्लादेश ने खुद पाकिस्तान से मैच खेलने की अपील की थी, क्योंकि उनका मामला सुलझ चुका था. इसी के बाद पाकिस्तान ने अपना रुख बदलने का फैसला लिया है.
PCB की मांगें, लेकिन कोई मंजूरी नहीं
रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि पीसीबी ने आईसीसी के सामने तीन अहम मांगें रखी थीं. इनमें भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज दोबारा शुरू करने जैसी मांग भी शामिल थी. हालांकि आईसीसी ने इन सभी मांगों को मानने से इनकार कर दिया है.
आईसीसी ने अपने बयान में साफ किया कि सभी सदस्य बोर्ड्स को टूर्नामेंट की शर्तों का पालन करना होगा और आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी.



