उत्तर प्रदेशभारत

‘बच्चों का निकाल लेता है खून…’ ड्रैकुला गैंग की पूरी कहानी

‘बच्चों का निकाल लेता है खून…’ ड्रैकुला गैंग की पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां कथित तौर पर सक्रिय एक ड्रैकुला गैंग पर नाबालिग बच्चों को डरा-धमकाकर उनका खून निकलवाने और उसे बेचने का आरोप लगा है. घटना की जानकारी सामने आने के बाद घरवालों में भारी आक्रोश है, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.

यह मामला देवरिया कोतवाली थाना क्षेत्र के उमा नगर कॉलोनी का बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में कुछ समय से एक गैंग सक्रिय है, जिसे लोग ड्रैकुला गैंग के नाम से बुला रहे हैं. आरोप है कि गैंग के सदस्य नाबालिग बच्चों को डराकर उनसे पैसे मांगते थे. जब बच्चे पैसे देने में असमर्थ होते थे तो उन्हें धमकाया जाता था और कहा जाता था कि अगर पैसे नहीं दे सकते तो खून देकर इसकी भरपाई करो.

बच्चों का खून निकलवाया जाता था

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि गैंग के सदस्य बच्चों को असलहे के बल पर जबरन कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनुघाट इलाके में स्थित एक ब्लड बैंक तक ले जाते थे. वहां कथित रूप से बच्चों का खून निकलवाया जाता था और बाद में उस खून को बेच दिया जाता था. इस घटना की जानकारी जब पीड़ित बच्चों ने अपने घरवालों को दी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.

बताया जा रहा है कि कई बच्चों ने अपने अभिभावकों को पूरी आपबीती सुनाई. बच्चों ने बताया कि गैंग के लोग उन्हें रास्ते में रोकते थे, डराते-धमकाते थे और पैसे मांगते थे. पैसे न देने पर उन्हें जबरन अपने साथ ले जाकर ब्लड बैंक में खून निकलवाने के लिए मजबूर किया जाता था. बच्चों की यह बात सुनकर परिवार के लोग बेहद घबरा गए और तुरंत प्रशासन से शिकायत करने का फैसला किया.

इसके बाद अभिभावकों ने सामूहिक रूप से देवरिया के पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की. शिकायत मिलते ही एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए. पुलिस टीम को पूरे मामले की पड़ताल करने और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.

फिलहाल पुलिस इस मामले में कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

लोगों में भारी आक्रोश

उधर इस घटना के सामने आने के बाद उमा नगर कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों में भारी रोष है. स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं. वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button